राज्य
02-Apr-2026
...


:: पुलिस की सक्रियता : 300 कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद राऊ से पकड़ाया आरोपी, तीन पुराने अपराध भी दर्ज :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में वाहन चोरी और नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राजेंद्र नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई बोलेरो कार बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को करीब 300 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पड़े। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के निर्देशों के अनुक्रम में पुलिस उपायुक्त (जोन-1) कृष्ण लालचंदानी और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुमित केरकेट्टा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस आयुक्त (गांधीनगर) निधि सक्सेना के निर्देशन में राजेंद्र नगर पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुँचने में सफलता पाई। मामले के अनुसार, फरियादी संदीप जायसवाल ने 18 मार्च 2026 को राजेंद्र नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने रात के समय उनकी बोलेरो कार (एमपी-09 केआर 6184) चोरी कर ली है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल से लेकर शहर के विभिन्न मार्गों पर लगे लगभग 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। लगातार पीछा करने और हुलिये के मिलान के बाद चोरी गया वाहन केट रोड, राऊ क्षेत्र के आसपास दिखाई दिया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पूर्व अपराधी विनोद ठाकुर (45) निवासी ओम साईं नाथ कॉलोनी, राऊ ने इस वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी वारदात के बाद से ही अपने घर से गायब था। पुलिस ने घेराबंदी कर 1 अप्रैल को विनोद ठाकुर को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में उसने बोलेरो चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सफेद रंग की चोरी गई बोलेरो कार बरामद कर ली है। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी के विरुद्ध पहले से ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। :: इनकी रही सराहनीय भूमिका :: इस सफलता में थाना प्रभारी राजेंद्र नगर के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक महेंद्र चौहान, प्रधान आरक्षक शशांक दुबे, प्रकाश प्रजापत, आरक्षक पंकज चौहान, रामबीर, गौरव गुर्जर और दिनेश गौतम की अहम भूमिका रही। प्रकाश/02 अप्रैल 2026