- कमोडिटी बाजार भी बंद, सोमवार को होगी ट्रेडिंग मुंबई (ईएमएस)। गुड फ्राइडे के मौके पर शुक्रवार 3 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार बंद हैं। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर इक्विटी, डेरिवेटिव और एसएलबी सेगमेंट में कोई कारोबार नहीं हुआ। कमोडिटी बाजार भी पूरे दिन बंद रहा। अब नियमित ट्रेडिंग सोमवार, 6 अप्रैल से शुरू होगी। इसके अलावा इस महीने 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के कारण भी बाजार बंद रहेंगे। एशियाई बाजारों में भी मिलाजुला रुख रहा लेकिन ज्यादातर इंडेक्स बढ़त में बंद हुए। जापान का निक्केई 1.34 फीसदी चढ़ा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.73 फीसदी ऊपर रहा। चीन का सीएसई 300 हल्की गिरावट में रहा। वहीं ऑस्ट्रेलिया और हांगकांग के बाजार ईस्टर की छुट्टी के चलते बंद रहे। अमेरिकी बाजार गुरुवार को मामूली बढ़त के साथ बंद हुए थे लेकिन वहां भी गुड फ्राइडे के कारण ट्रेडिंग नहीं हो रही है। गुरुवार को घरेलू बाजार ने कमजोर वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बावजूद मजबूती दिखाई। सेंसेक्स 185 अंक बढ़कर 73,319 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 33 अंक चढ़कर 22,713 के स्तर पर पहुंच गया। रुपये में भी जोरदार मजबूती देखने को मिली और यह कई सालों की सबसे बड़ी एकदिवसीय बढ़त दर्ज करने में सफल रहा। सतीश मोरे/03अप्रेल ---