कांकेर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल ब्लॉक में कक्षा 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा के दौरान उड़नदस्ता दल द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल ने पूर्व माध्यमिक शाला ईरागांव का दौरा किया। निरीक्षण दल में बीआरसी दुर्गूकोंदल लतीफ सोम, संकुल समन्वयक मेडो किशोर विश्वकर्मा और संकुल समन्वयक कोदापाखा रामचंद्र दुग्गे शामिल थे। दल ने परीक्षा व्यवस्था, अनुशासन और पारदर्शिता का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पंजीकृत सभी विद्यार्थी उपस्थित थे और परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही थी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि किसी भी प्रकार का नकल प्रकरण सामने नहीं आया, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता स्पष्ट हुई। उड़नदस्ता दल के अधिकारियों ने केंद्र प्रभारी और शिक्षकों के कार्य की सराहना की और छात्रों को ईमानदारी से परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे नियमित निरीक्षण से परीक्षा प्रक्रिया की गुणवत्ता बनी रहती है और विद्यार्थियों में अनुशासन एवं आत्मविश्वास बढ़ता है। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न हो। ईएमएस(राकेश गुप्ता)03 अप्रैल 2026