पटना, (ईएमएस)। बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र स्थित पीसी कॉलोनी में भारतीय सेना के एक सेवानिवृत्त कर्नल के घर हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 6 मार्च को हुई इस वारदात में 1 करोड़ रुपये से अधिक के सामान की चोरी की गई थी। सिटी एसपी (पूर्व) परिचय कुमार ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार, गुड्डू कुमार, आदित्य कुमार (ज्वेलर) और जीतू साहनी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि ये गिरफ्तारी न केवल रिटायर्ड कर्नल जनार्दन प्रसाद के फ्लैट में हुई चोरी से जुड़ी है, बल्कि इलाके में दर्ज तीन अन्य चोरी के मामलों से भी इनका संबंध है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें 234.9 ग्राम की सोने की ईंट, 40.3 ग्राम सोने के आभूषण (कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये), चांदी के सिक्के, चांदी की थाली, सोने का चम्मच, मंगलसूत्र, झुमके, महंगी घड़ियां और चार मोबाइल फोन शामिल हैं। एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर आगे छापेमारी जारी है और इस मामले में 10 से 12 अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद गिरोह पटना छोड़कर उड़ीसा समेत अन्य राज्यों में भाग गया था। कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लौटने पर इन्हें उनके घरों से गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच के लिए सदर एसडीपीओ अभिनव के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जिसमें कंकड़बाग थाना प्रभारी अभय कुमार, जक्कनपुर थाना प्रभारी रितुराज कुमार सिंह और सदर अनुमंडल के अन्य अधिकारी शामिल हैं। बताया गया है कि रिटायर्ड कर्नल, जो वर्तमान में अपने बच्चों के साथ बेंगलुरु में रहते हैं, के पीसी कॉलोनी स्थित फ्लैट को निशाना बनाया गया। घटना के समय मकान बंद था और उनके दोनों किरायेदार-अविनाश और अमित कुमार भी अपने गांव गए हुए थे। नवादा जिले के हिसुआ निवासी अविनाश जब वापस लौटे तो उन्होंने घर का सामान बिखरा पाया। उनके फ्लैट से ही करीब 70 लाख रुपये के गहने और 14 लाख रुपये नकद चोरी हो गए थे। एसपी ने बताया कि मार्च महीने में गिरोह ने कंकड़बाग इलाके में 4 से 5 घरों को निशाना बनाया था। गुड्डू इलाके की रेकी करता था, जबकि सोनू और जीतू अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आदित्य कुमार चोरी के गहनों को पिघलाकर बुलियन कारोबारियों को बेचता था। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और बाकी चोरी के सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। संतोष झा-०३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस