गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(ईएमएस)। जिले के मरवाही वन मंडल में तड़के एक दंतैल हाथी ने महुआ बीनने गए ग्रामीण पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना मरवाही वन परिक्षेत्र की सिवनी बीट में हुई। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पोंडी के डडिंया गांव के जंगल में सुबह करीब 4 बजे 55 वर्षीय त्रिलोचन सिंह महुआ बीनने गए थे। इसी दौरान उनका सामना अकेले घूम रहे दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने वृद्ध पर हमला कर उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह वही हाथी है, जो 1 अप्रैल को कटघोरा के पसान क्षेत्र से निकलकर कुम्हारी रोड और सोन नदी पार करते हुए डडिंयाडोंगरी के जंगलों में पहुंचा। वर्तमान में हाथी कक्ष क्रमांक 2093 के पास डटा हुआ है, जिससे आसपास के गांवों में भय और दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही सिवनी बीट के वनरक्षक शाहिद खान, पोंडी सरपंच हेमचंद मरावी और मरवाही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। यह इलाका मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की सीमा के बेहद करीब है, इसलिए सीमावर्ती गांवों में भी अलर्ट जारी किया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)03 अप्रैल 2026