क्षेत्रीय
03-Apr-2026
...


ठाणे, (ईएमएस)। ठाणे से सटे मुम्ब्रा में अपनी बहन से छेड़छाड़ के विवाद में एक व्यक्ति ने तीन लोगों पर गोलियां चलाईं, इसमें एक की मौत हो गई और दो लोग घायल हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार मुंब्रा के कैलासनगर इलाके के सुमनताई चव्हाण हिंदी प्राथमिक विद्यालय के पास बिस्मिल्ला चॉल में गुरुवार को गोलीबारी हुई। जयन शिवानंदन नायर (51) की मुंहबोली बहन के साथ कुछ लोगों द्वारा छेड़छाड़ करने का आरोप था। इस पर पहले भी विवाद हुआ था। विवाद के दौरान गुस्से में आकर जयन ने तीनों लोगों पर गोलियां चला दीं। इसमें अब्दुल हसन शेख, अकबर अब्दुल शेख और समीर अहमद शेख गंभीर रूप से घायल हुए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान अकबर अब्दुल शेख की मौत हो गई। घटना के बाद कैलासनगर क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा। मुंब्रा पुलिस ने जांच शुरू की और जयन को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अपराध में इस्तेमाल रिवॉल्वर भी जब्त किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मुंब्रा पुलिस मामले की जांच कर रही है। * ठाणे में बढ़ती गोलीबारी की घटनाएँ पिछले कुछ दिनों में ठाणे और मुंब्रा इलाके में गोलीबारी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। कुछ दिन पहले मुंब्रा के कौसा इलाके में एक वाहन पर गोली चली थी। इसके बाद पांचपखाड़ी इलाके में भी सड़क पर गोलीबारी हुई। इन घटनाओं से नागरिकों में डर का माहौल है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ‎स्वेता/संतोष झा-०३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस