धमतरी(ईएमएस)। जिले में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के मामले में पुलिस ने सुश्रुता मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। यह कार्रवाई कांकेर पुलिस की टीम के धमतरी पहुंचने के बाद की गई, जिसमें ग्राहक बनकर टीम ने बिना डॉक्टर की पर्ची के बेची जा रही नशीली कफ सिरप बरामद की। कोतवाली टीआई राजेश मरई ने बताया कि आमातालाब रोड स्थित इस मेडिकल स्टोर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बिना वैध पर्ची के नशीली कफ सिरप की बिक्री हो रही है। जांच में यह भी सामने आया कि स्टोर से इन उत्पादों की सप्लाई कांकेर तक भी की जा रही थी। सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि कार्रवाई से पहले टीम ने एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर स्टोर भेजा। वहां से प्लेनोकॉफ कफ सिरप की 8-9 बोतलें बिना पर्ची के बेची गईं। पुष्टि होने पर अधिकारियों ने स्टोर पर छापा मारा, पंचनामा तैयार किया और स्टोर को सील कर दिया। स्टोर संचालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने वहां से जब्त दवाओं का रिकॉर्ड, बैच नंबर और लाइसेंस से जुड़ी अन्य जानकारी की जांच शुरू कर दी है। टीम ने धमतरी के एक होलसेल मेडिकल स्टोर में जाकर स्टॉक और सप्लाई चेन का सत्यापन भी किया। पुलिस ने चेताया कि कोडीन युक्त दवाओं का उपयोग नशे के लिए किया जाता है और इन दवाओं की बिक्री डॉक्टर की लिखित पर्ची के बिना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। प्रशासन अब जिले में अन्य स्टोर्स की आपूर्ति की जांच कर रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)03 अप्रैल 2026