राज्य
03-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के पश्चिमी उपनगर मालाड में एक अजीब घटना हुई है। मालाड पूर्व स्थित प्रभाग संख्या 42, पालनगर इलाके में अनधिकृत प्लेटिंग कंपनियों में काम करने वाले मजदूरों के बीच एक मामूली विवाद एसिड हमले तक पहुंच गया। इस एसिड हमले में छह से सात राहगीरों के भी झुलसने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि 600 रुपये की उधारी को लेकर दो मजदूरों के बीच यह झगड़ा शुरू हुआ। मालाड के पालनगर इलाके में स्थानीय नेताओं और प्रशासन के कथित सहयोग से लगभग 100 से 125 अवैध प्लेटिंग यूनिट्स चलती हैं। इन कंपनियों में खतरनाक एसिड का खुलेआम उपयोग किया जाता है। गुरुवार को कंपनी में काम करने वाले मजदूरों में 600 रुपये की उधारी को लेकर झगड़ा शुरू हुआ, जो देखते ही देखते बड़े मारपीट में बदल गया। इसके बाद मजदूरों ने एक-दूसरे पर एसिड फेंकना शुरू कर दिया। चूंकि यह जगह सड़क के किनारे है, इसलिए सड़क से गुजर रहे राहगीरों पर भी एसिड गिर गया, जिससे आठ लोग झुलस गए। इस एसिड हमले में संदीप सरोज नामक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ और उसे माउली हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अन्य सात घायल महानगर पालिका के शताब्दी अस्पताल में इलाजरत हैं। सौभाग्य से इस घटना में किसी की मौत नहीं हुई। - पुलिस की कार्रवाई पर सवाल घटना की सूचना मिलने के बाद कुरार पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने समर बहादुर राजकुमार सिंह नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने दोनों गुटों पर क्रॉस केस दर्ज किए हैं। सड़क पर गुजर रहे लोग भी इस मामले में आरोपी बनाए गए हैं। नागरिकों ने पुलिस की जांच पर नाराजगी व्यक्त की है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां कई अवैध कंपनियां संचालित होती हैं, जिनमें एसिड जैसे खतरनाक केमिकल का खुलेआम इस्तेमाल होता है। इसमें स्थानीय गुंडों और नेताओं का आशीर्वाद होने की बात भी कही जा रही है। ‎संजय/संतोष झा-०३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस