राज्य
03-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे ने हाल ही में दिल्ली यात्रा की। इसके बाद सांसद ज्योति वाघमारे ने संकेत दिए कि शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस या उद्धव ठाकरे की पार्टी के कुछ सांसद शिंदे से संपर्क में हैं। चर्चा है कि ऑपरेशन टाइगर या ऑपरेशन तुतारी शुरू हो सकता है। दरअसल दिल्ली में शिवसेना शिंदे के सांसद प्रतापराव जाधव ने स्नेहभोजन का आयोजन किया, जिसमें शिवसेना ठाकरे के दो सांसद भी शामिल हुए। पिछले साल भी ये सांसद इसी कार्यक्रम में आए थे। उनकी उपस्थिति ने राजनीतिक विश्लेषकों की नजरें खींच ली हैं। कार्यक्रम में शामिल आष्टीकर ने साफ किया कि उनका ऑपरेशन टाइगर से कोई संबंध नहीं है और वे केवल कुछ मिनटों के लिए कार्यक्रम में आए थे। उधर एकनाथ शिंदे की दिल्ली यात्रा के बाद उद्धव ठाकरे ने मुंबई स्थित अपने आवास मातोश्री में सांसदों की बैठक बुलाई थी। इसमें कुछ मतभेद और नाराजगी की खबरें भी आईं। राजनीतिक विश्लेषक अब यह देख रहे हैं कि दिल्ली में हुई यह डिनर डिप्लोमेसी शिवसेना शिंदे के लिए आगे क्या परिणाम लाएगी। सूत्रों की मानें तो अगले 1–2 महीनों में राजनीतिक हलचल बढ़ने की संभावना है। ‎संजय/संतोष झा-०३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस