03-Apr-2026


जयपुर (ईएमएस)। राजस्थान अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (आरयूआईडीपी) फेज-4 के अंतर्गत पुष्कर में संचालित एवं प्रस्तावित सौंदर्यकरण कार्यों की प्रगति को लेकर जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने विस्तृत समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने पुष्कर के विश्वस्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को ध्यान में रखते हुए कार्यों को अनूठे, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित रूप में क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटक मधुर स्मृतियां लेकर जाएं तथा तीर्थ नगरी में श्रद्धालुओं को घाटों पर समुचित एवं सुविधाजनक व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकें। बैठक में श्री रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा बजट में घोषित ब्रह्म कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण में घाटों का समग्र सौंदर्यकरण किया जाएगा। इसके साथ ही आरयूआईडीपी के कार्यों का समन्वय स्थापित कर एकरूपता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने घाटों पर किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए चेंजिंग रूम, सीढ़ियों पर एंटी-स्किड ट्रीटमेंट, भवनों पर साइनेज, स्टोन स्क्रीनिंग, रैम्प्स एवं घाटों के रेस्टोरेशन कार्यों पर चर्चा की। विशेष रूप से ब्रह्मा घाट, जनाना घाट एवं गऊ घाट पर प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर उन्होंने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु से पूर्व समस्त प्रमुख कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। शेष कार्य भी निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ हों। उन्होंने ब्रह्म कॉरिडोर की सफेद थीम के अनुरूप ही सभी कार्यों में समान रंग संयोजन अपनाने के निर्देश भी दिए।रावत ने धौलपुर पत्थर की जाली लगाने के कार्यों में महिलाओं की सुरक्षा एवं निजता का विशेष ध्यान रखने तथा हितधारकों से समन्वय स्थापित कर उपयुक्त स्थानों का चयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने धौलपुर पत्थर की बेंचों पर पुष्कर की महिमा से संबंधित श्लोक अंकित करने के निर्देश दिए। इससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और सुदृढ़ किया जा सकेगा। साथ ही 52 घाटों पर सूचना पट्ट कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अशोक शर्मा/ 5 बजे/3 अप्रेल 2026