03-Apr-2026


- विभाग में 8125 पद खाली, 111 आईएफएएस, 215 स्टेट फॉरेस्ट अफसरों के पद रिक्त भोपाल (ईएमएस)। टाइगर स्टेट मध्य प्रदेश में साल 2026 में 3 महीनों में 14 बाघों की मौत हो चुकी है। पिछले साल 55 की जान गई थी। इस स्थिति के पीछे की वजह यह है कि प्रदेश में वन अमले में भारी कमी है। 31 प्रतिशत अधिकारी-कर्मचारियों के पद खाली पड़े हैं। जंगलों में मैदानी अमला नहीं होने से जानवरों की सुरक्षा और देखभाल का संकट खड़ा हो गया है। वन विभाग की 31 मार्च को जारी रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि कुल 26,079 पदों में से 8,125 पद खाली हैं। 1 जनवरी 2026 की स्थिति में विभाग में करीब 18 हजार अधिकारी-कर्मचारी ही कार्यरत हैं, जो मौजूदा जंगलों और वन्य जीवों के हिसाब से पर्याप्त नहीं हैं। विभाग में आईएफएस, एसएफएस से लेकर महावत, भृत्य और दफ्तरी स्तर तक के अधिकारी-कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। कई क्षेत्रों में स्थिति ऐसी है कि स्वीकृत पदों के मुकाबले एक भी अधिकारी पदस्थ नहीं है। वन विभाग में राज्य वन सेवा के 359 पद स्वीकृत हैं और इसमें से 142 पद भरे हुए हैं। जबकि 215 पद अधिकारी नहीं होने से रिक्त हैं। इसी तरह भारतीय वन सेवा के अफसरों की बात करें तो पता चलता है कि कुल 296 आईएफएस अफसरों के पद एमपी कैडर में स्वीकृत हैं, इसके विपरीत 185 अधिकारी वन विभाग में इस कैडर के लिए स्वीकृत पदों के विरुद्ध काम कर रहे हैं। ऐसा है भारतीय वन सेवा के पदों का सेटअप भारतीय वन सेवा के पदों के सेटअप से पता चलता है कि वन बल प्रमुख का एक पद है, जो पीसीसीएफ स्तर के अधिकारी का होता है। इसके साथ ही प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) के 4 पद हैं, जो भरे हुए हैं। एपीसीसीएफ के 25 पद हैं, जिनमें से 8 ही भरे हैं। मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) के 51 पदों के विरुद्ध 8 अधिकारी कार्यरत हैं। साथ ही वन संरक्षक के 40 पदों के विरुद्ध 18 और उप वन संरक्षक के 59 पदों के विरुद्ध 76 अधिकारी कार्यरत हैं। इस तरह कुल सीनियर पदों की संख्या 180 है, जिसके विपरीत 120 अधिकारी पदस्थ हैं। भारतीय वन सेवा के अफसरों के सेटअप में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए रिजर्व पदों की संख्या 36 है और 8 अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर हैं। राज्य प्रतिनियुक्ति के लिए 45 पद रिजर्व हैं, जिनमें से 23 पद भरे हैं। इसी तरह प्रशिक्षण के लिए रिजर्व 6 पदों में से सभी खाली हैं। परिवीक्षाधीन पदों के लिए 29 पद तय हैं, जिनमें 23 भरे हुए हैं। अधीनस्थ कार्यपालिक सेवाओं (वन रक्षक, रेंजर) की पद स्थिति वन रक्षक के कुल स्वीकृत पद 14030 हैं और इसमें से 1351 पद रिक्त हैं। इसी तरह वन पाल के 4194 पदों में से 2598 पद खाली हैं। उप वन क्षेत्र पाल के 1258 पदों में से 930 पद रिक्त हैं। इसके अलावा वन क्षेत्रपाल के 1194 पदों में से 573 रिक्त हैं। इस तरह इस कैटेगरी के पदों में कुल 20676 पदों में से 5452 पद रिक्त हैं। वन बल प्रमुख बोले- फॉरेस्ट गार्ड की भर्ती कर रहे वन बल प्रमुख और पीसीसीएफ शुभरंजन सेन का कहना है कि विभाग में पद रिक्त हैं। यह सही है और इससे काम भी प्रभावित होता है। फॉरेस्ट गार्ड के रिक्त पदों की भर्ती कर रहे हैं। इसकी प्रक्रिया चल रही है। कई पद प्रमोशन के चलते अटके पड़े हैं तो कई पद अन्य व्यवस्थाओं के चलते प्रभावित हैं। इसके लिए प्रयास जारी हैं कि काम सही तरीके से चलता रहे। सरकार को स्टाफ की कमी पूरी करना चाहिए वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट अजय दुबे बताते हैं कि वर्ष 2025 में 55 और वर्ष 2026 में अब तक 14 टाइगर की मौत हो चुकी है और इसमें से आधे की मौत करंट से या अन्य तरीके से किए गए शिकार के चलते हुई है। इसे वन अफसरों ने भी स्वीकार किया है। स्टाफ और अधिकारियों की कमी का असर वनों और वन्य जीवों की निगरानी, इनके संरक्षण के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाकर उसे लागू करने पर पड़ रहा है। सरकार को इस ओर ध्यान देकर अधिकारियों और फील्ड स्टाफ की कमी की पूर्ति करना चाहिए। विनोद / 03 अप्रैल 26