-फर्जीवाड़ा और नकल रोकने रखी जा रही नजर, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू जयपुर,(ईएमएस)। सब इंस्पेक्टर भर्ती-2025 की परीक्षा 5 और 6 अप्रैल को पूरे प्रदेश में आयोजित की जा रही है। एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर राजस्थान पुलिस समेत सभी एजेंसियां अलर्ट हैं। एसओजी की ओर से फर्जीवाड़ा और नकल रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। नकल गिरोह की सूचना देने पर एसओजी की ओर से एक लाख रुपए इनाम का ऐलान किया है। एडीजी (एसओजी) ने बताया कि आगामी 5 व 6 अप्रैल को नई सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा होगी। राजस्थान के 26 जिलों के 41 शहरों में 1174 परीक्षा केंद्र पर 7.70 लाख कैंडिडेट परीक्षा देंगे। एसओजी, पुलिस सहित अन्य सभी एजेंसिया अलर्ट मोड पर हैं। पेपर लीक और नकल गिरोह से जुड़े सभी बदमाशों पर नजर रखी रही है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय से एक एसओपी भी जारी की गई है। परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आस-पास संचालित फोटो कॉपी की शॉप और साइबर कैफे बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि सादावर्दी में तैनात जवानों की ओर से सभी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। प्रदेश में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की गई है, जो परीक्षा होने तक जारी रहेगी। प्रश्न पत्रों की जिला ट्रेजरी में डबल लॉक में रखे जाएंगे। जहां पर विशेष सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। परीक्षा केन्द्रों पर भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात होगी। नकल गैंग की सही सूचना देने पर एक लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। इस संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना एसओजी के वॉट्सएप नंबर- 9530429258 पर दी जाएगी। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। सिराज/ईएमएस 03अप्रैल26