क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


- विधायक ने सीएम को लिखा पत्र, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग ‎गुना (ईएमएस)। कृषि उपज मंडी में किसानों के साथ कथित मारपीट और धक्कामुक्की का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को कम दाम मिलने से नाराज किसानों द्वारा किए गए चक्काजाम के दौरान पुलिस और प्रशासन द्वारा बल प्रयोग के आरोपों के बीच क्षेत्रीय विधायक पन्नालाल शाक्य ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। विधायक द्वारा लिखे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि मंडी में अपनी फसल बेचने पहुंचे किसानों को उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण उन्होंने शांतिपूर्ण विरोध किया था, लेकिन इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जो बेहद निंदनीय है। पत्र में कहा गया कि एक ओर केंद्र और राज्य सरकार किसानों के हित में योजनाएं बना रही हैं, वहीं स्थानीय स्तर पर इस प्रकार का व्यवहार चिंता का विषय है। विधायक ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाया जाए और मंडी में गर्मी के मद्देनजर पानी, छाया और ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। दरअसल, लंबे अवकाश के बाद मंडी खुलने पर हजारों किसान अपनी उपज लेकर पहुंचे थे। बंपर आवक और गेहूं के भाव में गिरावट से नाराज किसानों ने एबी रोड पर चक्काजाम कर दिया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा किसानों को धक्का देने और थप्पड़ मारने के आरोप सामने आए, जिससे मामला और गरमा गया। घटना के बाद प्रशासन ने किसानों और व्यापारियों के बीच बैठक कराई, जिसमें गुणवत्ता के आधार पर मूल्य तय होने पर सहमति बनी और जाम समाप्त कराया गया। हालांकि किसानों का कहना है कि उन्हें मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई गईं और कई दिनों से मंडी में परेशान होना पड़ा। विधायक शाक्य ने अपने पत्र में यह भी मांग की है कि 6 अप्रैल को किसानों के साथ कथित मारपीट करने वाले कर्मचारियों की जांच कर उन्हें दंडित किया जाए। साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की बात कही है। इस घटनाक्रम के बाद मंडी व्यवस्था, किसानों की सुरक्षा और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि शासन स्तर पर इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।।-सीताराम नाटानी