भोपाल(ईएमएस)। वैशाख मास की शुरुआत 3 अप्रैल 2026 से हो गई है। इस पावन अवसर पर दादाजी धाम मंदिर, रायसेन रोड, पटेल नगर में भगवान शिव के शिवलिंग पर “गलंतिका जलधारा” स्थापित कर 24 घंटे निरंतर अभिषेक प्रारंभ किया गया है। पंडित राजेंद्र पलिया द्वारा विधि-विधान से पूजन कर एवं भक्तों की उपस्थिति में “गलंतिका” स्थापित की गई। विशेष कलश से एक-एक बूंद जल निरंतर शिवलिंग पर गिरकर भक्तों की श्रद्धा एवं भक्ति का प्रतीक बन रही है। ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार यह जलधारा भगवान शिव को शीतलता प्रदान कर अत्यंत पुण्यदायी मानी जाती है तथा इससे पापों का क्षय, कष्टों का निवारण एवं सुख-शांति की प्राप्ति होती है। मंदिर में श्रद्धालु “ॐ नमः शिवाय” मंत्र जप, पूजन एवं अभिषेक कर परिवार एवं राष्ट्र के कल्याण की कामना कर रहे हैं। मंदिर प्रबंधन ने सभी भक्तों से इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने का आह्वान किया है। हरि प्रसाद पाल / 03 अप्रैल, 2026