क्षेत्रीय
03-Apr-2026
...


चित्रकूट (ईएमएस)। यूपी के चित्रकूट जिले में शुक्रवार सुबह को बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में दो बच्चे और एक महिला शामिल हैं। इस घटना में दो अन्य बच्चे घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। पहली घटना तीन मार्च को भरतकूप थाना क्षेत्र के गांव पतौड़ा मजरा रजौली पुरवा में हुई। सुबह चार बच्चे खेतों में बकरी चरा रहे थे, तभी उन पर बिजली गिर गई। घायल बच्चों में नीरज (10), सुमित (12), विकास (13) और करन (13) शामिल थे। सभी को तत्काल सीएचसी शिवरामपुर में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने विकास और करन को मृत घोषित कर दिया। नीरज और सुमित का इलाज अभी भी जारी है। मृतक बच्चों का पंचायतनामा भरकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इसी तरह की दूसरी घटना रैपुरा थाना क्षेत्र के कुई कला गांव में सामने आई। यहां पचास वर्षीय रजपतिया की भी बिजली गिरने से मौत हो गई। वह अपने खेत में चना बटोरने गई थीं। घटनाओं की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जितेन्द्र 03 अप्रैल 2026