03-Apr-2026


कानपुर(ईएमएस)। कानपुर में सर्राफ से लूट करने वाले 3 बदमाशों को पुलिस ने 24 घंटे में एनकाउंटर में पकड़ लिया। मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों के पैर में गोली मारकर दबोच लिया, जबकि एक को दौड़ाकर अरेस्ट किया। तीनों लुटेरों ने बुधवार रात ग्वालटोली में एक सर्राफ से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से लुटेरों की पहचान करने के बाद मुठमेड़ में अरेस्ट कर लिया। अब शुक्रवार दोपहर को तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा। कर्नलगंज थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनीत कुमार ने बताया कि 1 अप्रैल की रात को थाना ग्वालटोली क्षेत्र के लाल इमली चौराहे के पास रामू केसरवानी (सुनार) से लूट की वारदात हुई थी। सर्राफ रोज की तरह अपनी दुकान बंद करने के बाद बेकनगंज से घर जा रहे थे। तभी स्कूटी सवार 3 बदमाशों ने पीछा करके उन्हें रोक लिया। इसके बाद तमंचा लगाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। विनोद उपाध्याय / 03 अप्रैल, 2026