नई दिल्ली (ईएमएस)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में कुल 27 उम्मीदवारों मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने दुराई चंद्रसेकर, ए.एम मुनिरथिनम, एसके अर्थानारी, एस मंगुडी और वीपी दुराई समेत कई जाने-माने चेहरों को मौका दिया है। आपको बता दें कि तमिलनाडु में कांग्रेस, डीएमके के साथ मिलकर ये चुनाव लड़ रही है। इस चुनाव में कांग्रेस के हिस्से में कुल 28 सीटें आई हैं। जो पिछली बार से तीन ज्यादा है। आपको बता दें कि इस चुनाव के केंद्र में हैं मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की अगुवाई वाली द्रविड़ मुनेत्र कषगम गठबंधन। इस गठबंधन में कांग्रेस समेत एक दर्जन से ज्यादा दल शामिल हैं। 2019, 2021 और 2024 के लगातार तीन चुनाव जीतने के बाद यह गठबंधन अब दूसरी बार सत्ता में वापसी का सपना देख रहा है। इस बार का चुनाव पहले कुछ चुनावों की तुलना में बेहद रोचक है। इस बार डीएमके को नए सहयोगियों का भी साथ मिला है, जिसमें अभिनेता से नेता बने कमल हसन की पार्टी मक्कल निधि मय्यम और दिवंगत विजयकांत की स्थापित देसिया मुरपोक्कू द्रविड़ कषगम शामिल हैं। डीएमके ने चुनाव को तमिलनाडु बनाम एनडीए का रूप देने की कोशिश की है। सरकार अपनी योजनाओं, जैसे महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, मासिक आर्थिक सहायता और कैश ट्रांसफर को बड़ा मुद्दा बना रही है। सुबोध/०३-०४-२०२६