मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में न्यूयॉर्क में फिल्म रामायण की टीम के साथ इसकी पहली झलक पेश की गई, जहां अभिनेता रणबीर कपूर ने ‘जय श्री राम’ के जयकारे के साथ अपने किरदार को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं। उन्होंने खुलासा किया कि इस भूमिका के लिए खुद को किस तरह तैयार किया और क्यों शुरुआत में इस रोल को ठुकरा दिया था। इवेंट के दौरान वायरल हो रहे वीडियो में रणबीर कपूर ने बताया कि भगवान राम के किरदार में ढलने के लिए उन्होंने सबसे पहले रामानंद सागर की रामायण देखी। उन्होंने कहा कि यह शो भारतीय संस्कृति का अहम हिस्सा है और हर भारतीय के दिल में भगवान राम की कहानी गहराई से बसी हुई है। रणबीर ने बताया कि इस किरदार को निभाने के लिए उन्हें शारीरिक ही नहीं, बल्कि भावनात्मक और आध्यात्मिक स्तर पर भी खुद को तैयार करना पड़ा। उनका मानना है कि इस भूमिका को निभाने के लिए सच्चाई और ईमानदारी बेहद जरूरी है। रणबीर कपूर ने यह भी बताया कि जब फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने उन्हें करीब चार साल पहले इस फिल्म का प्रस्ताव दिया था, तब उन्होंने तुरंत इसे अस्वीकार कर दिया था। उस समय उन्हें लगा कि वह इस किरदार के साथ न्याय नहीं कर पाएंगे और इसके लिए उपयुक्त नहीं हैं। हालांकि समय के साथ उनकी सोच में बदलाव आया। अभिनेता ने बताया कि उनके जीवन में एक खास मोड़ तब आया जब वह पिता बने। उनकी बेटी राहा के जन्म के साथ ही उन्हें इस फिल्म का प्रस्ताव दोबारा मिला, जिसने उनकी सोच को पूरी तरह बदल दिया। रणबीर ने कहा कि यह उनके जीवन का एक भावनात्मक दौर था, जहां वह अपने जीवन और जीवनशैली में बदलाव लाना चाहते थे। ऐसे में भगवान राम का किरदार निभाने का मौका मिलना उनके लिए एक खास संयोग साबित हुआ, जिसने उनकी जिंदगी को नई दिशा दी। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने भी बताया कि रामायण को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिल्म का विजुअल स्केल और तकनीकी काम अंतरराष्ट्रीय फिल्मों जैसे द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स और अवतार से प्रेरित है, जबकि इसकी भावनात्मक गहराई ग्लेडिएटर जैसी होगी। फैंस के लिए खास बात यह है कि फिल्म की पहली झलक 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के मौके पर जारी की जाएगी। रामायण का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 04 अप्रैल 2026