नई दिल्ली (ईएमएस)। चेन्नई सुपर किंग्स को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के सातवें मुकाबले में पंजाब किंग्स के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह चेन्नई की इस सीजन में लगातार दूसरी हार है। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, लेकिन कमजोर गेंदबाजी और रणनीतिक चूक के चलते वह इस लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकी। पंजाब ने 18.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया। मैच में चेन्नई के कप्तान रितुराज गायकवाड़ का इम्पैक्ट प्लेयर चयन भी सवालों के घेरे में रहा। टीम ने केवल पांच गेंदबाजों के साथ मुकाबला खेला और इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर राहुल चाहर को उतारा गया, जो काफी महंगे साबित हुए। यह फैसला टीम के लिए नुकसानदायक रहा और मैच का रुख पंजाब की ओर झुक गया। मैच के बाद गायकवाड़ ने स्वीकार किया कि उन्हें लगा था कि 209 रन का स्कोर इस मैदान के हिसाब से काफी अच्छा है। उन्होंने कहा कि पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही थी, जबकि स्पिनरों के लिए भी कुछ ग्रिप मौजूद थी, जिससे बल्लेबाजी आसान नहीं थी। उनके अनुसार, इस तरह की बड़ी बाउंड्री वाले मैदान पर यह स्कोर मैच जिताने के लिए पर्याप्त होना चाहिए था। इम्पैक्ट प्लेयर के चयन पर गायकवाड़ ने सफाई देते हुए कहा कि टीम के पास पहले से तीन तेज गेंदबाज थे और दो रिस्ट स्पिनरों के साथ संतुलन बनाने की कोशिश की गई थी। हालांकि, उन्होंने माना कि स्पिनरों का दिन अच्छा नहीं रहा, जिसकी वजह से टीम को नुकसान उठाना पड़ा। गायकवाड़ ने गेंदबाजी प्रदर्शन पर भी निराशा जताई। उन्होंने कहा कि टीम बीच-बीच में अच्छी गेंदबाजी कर रही थी, लेकिन सही समय पर दबाव बनाने में नाकाम रही। जब भी गेंदबाज अच्छा ओवर डालते, उसी दौरान एक छक्का या चौका पड़ जाता, जिससे विपक्षी टीम को मोमेंटम मिलता गया। उन्होंने बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए आयुष म्हात्रे और शिवम दुबे की पारियों को सकारात्मक बताया और कहा कि टीम को इससे आत्मविश्वास मिलेगा। अपनी बल्लेबाजी को लेकर गायकवाड़ ने कहा कि वह अच्छी लय में हैं, लेकिन उन्हें थोड़ी और देर तक टिके रहना चाहिए था। उन्होंने माना कि गलत समय पर आउट होना टीम के लिए नुकसानदायक रहा। लगातार दो हार के बाद चेन्नई के सामने अब वापसी की बड़ी चुनौती है और टीम को अगले मुकाबलों में अपनी गेंदबाजी और रणनीति दोनों में सुधार करना होगा। डेविड/ईएमएस 04 अप्रैल 2026