खेल
04-Apr-2026


बेंगलुरु (ईएमएस)।। रॉयल्स चेलेंजर बेंगलुरुने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत शानदार अंदाज में करते हुए सनराइज हैदराबाद के खिलाफ जीत दर्ज की है। अब टीम का अगला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स के साथ रविवार को होना है। इस अहम मैच से पहले आरसीबी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर एक मजेदार वीडियो साझा किया है, जिसमें दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली अपने अंदाज में सवालों का जवाब देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कोहली से मजाकिया अंदाज में पूछा गया कि क्या वह विदेशी खिलाड़ी हैं, क्योंकि सोशल मीडिया पर इस तरह के मीम्स वायरल होते रहते हैं। इस पर उन्होंने हंसते हुए कहा, “क्या आपको लगता है कि मैं विदेशी खिलाड़ी हूं? ये सवाल आप विदेशी खिलाड़ियों से पूछिए, मैं विदेशी नहीं हूं।” दरअसल, आईपीएन के नियमों के अनुसार किसी भी टीम की प्लेइंग इलेवन में केवल चार विदेशी खिलाड़ियों को ही शामिल किया जा सकता है। कोहली का यह जवाब फैंस को खूब पसंद आ रहा है। आईपीएल 2025 का खिताब जीतने के अनुभव को लेकर कोहली ने कहा कि टीम लंबे समय से इस ट्रॉफी का इंतजार कर रही थी और जीत के बाद उन्हें काफी राहत महसूस हुई। उन्होंने यह भी बताया कि उनके लिए यह जीत कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। अपने लुक और स्टाइल को लेकर पूछे गए सवाल पर कोहली ने साफ कहा कि वह किसी को प्रभावित करने के लिए नहीं, बल्कि अपनी पसंद के अनुसार हेयरस्टाइल और टैटू करवाते हैं। उनका मानना है कि जब आप खुद को लेकर अच्छा महसूस करते हैं, तो इसका असर आपके प्रदर्शन पर भी पड़ता है। टीम में नई प्रतिभाओं के आने से असुरक्षा के सवाल पर भी कोहली ने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया और कहा कि उन्हें इससे कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने मजाक में कहा कि वह दूसरों के साथ भी काम करने को तैयार हैं। कोहली ने जीत के असली मायने बताते हुए कहा कि यह मेहनत, त्याग और खेल के प्रति समर्पण का नतीजा होती है। उनके अनुसार, जीत से यह विश्वास मिलता है कि आपकी मेहनत सही दिशा में थी और यह आगे बेहतर करने की प्रेरणा देती है। डेविड/ईएमएस 04 अप्रैल 2026