खेल
05-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। चेन्नई सुपर किंग्स में कप्तानी को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। एमएस धोनी जैसे दिग्गज कप्तान की विरासत संभालना हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है और अब रुतुराज गायकवाड़ पर यह जिम्मेदारी है। हालांकि, इस सीजन में सजू सैमसन के टीम में शामिल होने के बाद कप्तानी को लेकर प्रतिस्पर्धा और दबाव बढ़ गया है। भले ही मौजूदा सीजन में गायकवाड़ ही टीम की कमान संभाल रहे हैं, लेकिन सैमसन की मौजूदगी ने माहौल बदल दिया है। क्रिकेट विशेषज्ञ माइकल वॉन और साइमन डूल का मानना है कि यह स्थिति गायकवाड़ के लिए मानसिक दबाव पैदा कर सकती है। वॉन के अनुसार, सैमसन को फ्रेंचाइजी भविष्य के कप्तान और धोनी के विकल्प के रूप में देख रही है, जिससे गायकवाड़ को अपनी जगह को लेकर सतर्क रहना पड़ सकता है। वॉन ने कहा कि यह एक अलग तरह की परिस्थिति है, जहां एक युवा कप्तान को अपनी भूमिका निभाते हुए यह भी ध्यान रखना होगा कि टीम में एक अनुभवी और सफल कप्तान मौजूद है। उन्होंने यह भी कहा कि गायकवाड़ को कप्तानी जारी रखने के लिए कहा जा सकता है, लेकिन इस स्थिति का उन पर असर पड़ना स्वाभाविक है। वहीं साइमन डूल ने भी इस बात से सहमति जताई कि सैमसन का टीम में आना एक बड़ा बदलाव है। सैमसन इससे पहले राजस्थान रॉयल के कप्तान के रूप में सफल रहे हैं और उन्होंने 2022 में टीम को फाइनल तक पहुंचाया था। उनकी कप्तानी और विकेटकीपिंग क्षमता उन्हें एक मजबूत विकल्प बनाती है। डूल का मानना है कि सैमसन के लिए भी यह स्थिति आसान नहीं होगी। टीम बदलने के बाद खुद को साबित करना और नई भूमिका में ढलना चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि सैमसन दक्षिण भारत से हैं और इस नई टीम में खुद को घर जैसा महसूस कर सकते हैं, लेकिन उनके ऊपर प्रदर्शन और भविष्य की भूमिका दोनों का दबाव रहेगा। कुल मिलाकर, चेन्नई सुपर किंग्स के भीतर यह बदलाव टीम के भविष्य को लेकर बड़ा संकेत है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि गायकवाड़ अपनी कप्तानी को कैसे संभालते हैं और सैमसन टीम में किस तरह की भूमिका निभाते हैं। डेविड/ईएमएस 05 अप्रैल 2026