मनोरंजन
05-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। साउथ फिल्म इंडस्टी की मशहूर अभिनेत्री सामंथा रूथ प्रभु ने अपनी खास ‘पावर मॉर्निंग’ रूटीन साझा की है। सोशल मीडिया पर सामंथा ने एक वीडियो के जरिए बताया कि उन्होंने कई तरह के मॉर्निंग रूटीन अपनाए, लेकिन अंत में एक सरल और प्रभावी तरीका खोजा, जिसे उन्होंने ‘पावर मॉर्निंग’ नाम दिया। उनके अनुसार, दिन की शुरुआत सही ढंग से करने पर पूरे दिन की ऊर्जा और उत्पादकता पर अच्छा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर सुबह व्यवस्थित होती है, तो दिनभर शरीर और मन दोनों संतुलित रहते हैं। वीडियो में उन्होंने यह भी बताया कि कई लोग नियमित व्यायाम और डाइट के बावजूद पेट की चर्बी, त्वचा संबंधी समस्याओं या सुबह चेहरे पर सूजन जैसी परेशानियों से जूझते हैं। इसके पीछे गलत मॉर्निंग रूटीन एक अहम कारण हो सकता है। इसलिए सुबह की आदतों में सुधार बेहद जरूरी है। सामंथा ने खास तौर पर शरीर में बनने वाले स्ट्रेस हार्मोन कॉर्टिसोल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सुबह उठते ही इसका स्तर स्वाभाविक रूप से अधिक होता है, लेकिन यदि व्यक्ति उठते ही फोन, खबरें या काम में लग जाता है, तो यह तनाव और बढ़ा सकता है। इससे दिनभर ध्यान और मानसिक शांति प्रभावित होती है। उन्होंने अपनी दिनचर्या में कुछ आसान लेकिन प्रभावी सुझाव दिए। सबसे पहले, जागने के बाद कम से कम एक घंटे तक मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। इसके बाद कुछ मिनट शांत बैठकर गहरी सांस लेने से दिमाग को सकारात्मक संकेत मिलता है और शरीर बेहतर तरीके से काम करता है। साथ ही, सुबह के शुरुआती समय में धूप लेना, हेल्दी ड्रिंक और संतुलित नाश्ता करना भी बेहद फायदेमंद बताया गया है, जिससे ब्लड शुगर नियंत्रित रहती है। सुदामा/ईएमएस 05 अप्रैल 2026