-मां ने शर्तों पर दी इजाजत, अक्षरा ने पिता के साथ बनाया चंपारन मटन मुंबई,(ईएमएस)। भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह अपनी गायकी और अदायगी की वजह से काफी मशहूर हैं। अभिनेत्री की मां नीलिमा सिंह टेलीविजन का जाना-माना चेहरा हैं, जो स्टार प्लस से लेकर दंगल के शोज में काम कर चुकी है और आज भी टेलीविजन की दुनिया में सक्रिय है। अब अक्षरा सिंह के घर पर किसी फिल्म को लेकर नहीं, बल्कि मटन को लेकर बवाल हो गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अक्षरा सिंह ने अपना नया व्लॉग शेयर किया है, जिसमें बताया कि इस बार तीनों के बीच मटन को लेकर जंग जारी है। अक्षरा के पिता को मटन खाना है, लेकिन मां नीलिमा सिंह का कहना है कि उनके जीते-जीते घर में मटन, चिकन कुछ नहीं बनेगा। ऐसे में अक्षरा भी अपने पिता का साथ दे रही हैं। ऐसे में नीलिमा अपने अपने पति और बेटी को ताने मारती हैं और आखिर में शर्त के साथ घर में मटन बनाने की इजाजत दे दी जाती है। नीलिमा साफ कह देती हैं कि मटन बनाने के लिए चूल्हा और बर्तन दोनों अलग होंगे। ऐसे में अक्षरा अलग सिलेंडर का इंतजाम करने की बात कहती हैं, लेकिन नीलिमा ताने मारते हुए कहती है कि अब तो सिलेंडर से जमाना वापस चूल्हे और इंडक्शन पर आ चुका है। बता दें अक्षरा सिंह का चटर-पटर व्लॉग फैंस को भी खूब पसंद आ रहे हैं। अभिनेत्री हर हफ्ते परिवार के साथ एक व्लॉग डालती हैं, जिसमें वे बिहार की परंपरा और ऑथेंटिक खाने की बातें करती हैं और खाना पकाती हुई भी दिखती हैं। इस बार अक्षरा ने अपने पिता के साथ मिलकर चंपारन मटन बनाया है, जो बिहार की सबसे प्रसिद्ध रेसिपी है। इसे मिट्टी के मटके में दम लगाकर बनाने की परंपरा है। इससे पहले अक्षरा ने मां नीलिमा के साथ मिलकर पनीर मसाला की मजेदार रेसिपी शेयर की थी, जिसे फैंस ने खूब पसंद किया था। बता दें अक्षरा सिंह के कई यूट्यूब चैनल हैं। उनका खुद का सिंगिंग वीडियोज का आधिकारिक चैनल भी है, जहां वे खुद के रिकॉर्ड किए गाने शेयर करती हैं। सिराज/ईएमएस 05अप्रैल26