05-Apr-2026
...


-दारुई इलाके में तीन अज्ञात लोगों के दिखने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट जम्मू,(ईएमएस)। सांबा जिले में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद रविवार को सुरक्षा बलों ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। यह अभियान उस समय शुरू हुआ जब दारुई इलाके के बेध खड़ क्षेत्र के एक स्थानीय निवासी ने तीन अज्ञात व्यक्तियों को देखने की जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, ये तीनों संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाते हुए एक सूखे नाले के किनारे-किनारे आगे बढ़ रहे थे। इनमें से एक व्यक्ति के पास भारी बैगपैक था, जिससे उनकी गतिविधि पर शक और गहरा गया। हालांकि, प्रत्यक्ष रूप से उनके पास कोई हथियार दिखाई नहीं दिया, फिर भी इलाके में संभावित खतरे को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है। इस आशय की सूचना मिलते ही पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सेना और अर्धसैनिक बलों के साथ संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पूरे इलाके को घेरकर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां जंगलों, नालों और आसपास के गांवों में गहन तलाशी अभियान चला रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक इन संदिग्ध व्यक्तियों के साथ कोई सीधा संपर्क नहीं हो पाया है। बावजूद इसके, ऑपरेशन को पूरी गंभीरता के साथ जारी रखा गया है और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए कहा गया है। सुरक्षा बलों का कहना है कि सीमा से सटे क्षेत्रों में इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाता है, क्योंकि ये घुसपैठ या अन्य आतंकी गतिविधियों से जुड़ी हो सकती हैं। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सर्च ऑपरेशन जारी है। हिदायत/ईएमएस 05अप्रैल26