:: प्रभारी मंत्री की सख्ती के बाद कार्रवाई : 5 दिन में पेश होगी रिपोर्ट, छात्रावास अधीक्षक हेमंत सिन्हा निलंबित :: खण्डवा (ईएमएस)। जनजातीय कार्य विभाग में हाल ही में किए गए स्थानांतरण एवं नियुक्तियों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने विभाग में अवैध तरीके से जारी किए गए सभी नियुक्ति और तबादला आदेशों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। शासन के संज्ञान में मामला आने के बाद कलेक्टर ने पूरे प्रकरण की सूक्ष्मता से जांच के लिए एक उच्च स्तरीय दल गठित करने के आदेश जारी किए हैं। उल्लेखनीय है कि शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के खण्डवा प्रवास के दौरान इन अनियमितताओं की सूचना प्राप्त हुई थी। मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में विभाग के सहायक आयुक्त ने छात्रावास अधीक्षक हेमंत सिन्हा को कर्तव्य में लापरवाही और संदिग्ध भूमिका के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश भी जारी कर दिए हैं। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। कलेक्टर द्वारा गठित जांच दल में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को शामिल किया गया है। दल में अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा, जिला कोषालय अधिकारी आर.एस. गवली तथा डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक आयुक्त बजरंग बहादुर सिंह शामिल हैं। जांच दल को निर्देशित किया गया है कि वे पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल कर आगामी 5 दिनों के भीतर अपना विस्तृत प्रतिवेदन (रिपोर्ट) प्रस्तुत करें। प्रतिवेदन के आधार पर मामले में संलिप्त अन्य दोषियों पर भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। प्रकाश/5 अप्रैल 2025