ज़रा हटके
06-Apr-2026
...


लंदन (ईएमएस)। दुनियाभर में पेट्रोल-डीजल संकट के बीच ब्रिटेन से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में एक महिला पेट्रोल पंप पर पॉलिथीन बैग में पेट्रोल भरती नजर आ रही है। वीडियो में साफ दिखता है कि महिला नोजल से सीधे प्लास्टिक के थैलों में पेट्रोल भरती है, उन्हें बांधकर अपनी कार की डिग्गी में रखती जाती है। इस खतरनाक हरकत को देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। यह वीडियो अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया है और अब तक इसे एक करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। विशेषज्ञों के मुताबिक, पेट्रोल को प्लास्टिक के थैलों में भरना बेहद जोखिम भरा है। पेट्रोल एक अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ है और यह प्लास्टिक को जल्दी नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में अगर थैला फट जाए या उसमें रिसाव हो जाए, तो जरा सी चिंगारी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। कार की डिग्गी में इस तरह पेट्रोल रखना खुद के साथ-साथ दूसरों की जान को भी खतरे में डाल सकता है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने महिला के इस व्यवहार को स्वार्थी करार दिया है। उनका कहना है कि तेल की कमी के डर से लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन जमा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। यही पैनिक बाइंग अब कई देशों में देखने को मिल रही है, जहां लोग भविष्य की अनिश्चितता के चलते जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीद रहे हैं। हॉर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी खबरों और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने कच्चे तेल की कीमतों को आसमान पर पहुंचा दिया है। इसके असर से दुनिया भर में ईंधन संकट गहराता जा रहा है। ब्रिटेन में बड़े रिटेल स्टोर्स जैसे टेस्को और सेंसबुरीज के पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जबकि कई जगह ‘नो फ्यूल’ के बोर्ड भी लगाए गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बीच विशेषज्ञ लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि इस तरह का व्यवहार न सिर्फ गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि बेहद खतरनाक भी है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस महिला की कड़ी आलोचना कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि शायद महिला को अंदाजा नहीं है कि वह अपनी कार में ‘चलता-फिरता खतरा’ लेकर घूम रही है। वैश्विक तेल संकट के इस दौर में यह घटना लोगों के बीच फैली घबराहट और असुरक्षा की भावना को साफ तौर पर उजागर करती है। मालूम हो कि दुनियाभर में पेट्रोल-डीजल को लेकर इस समय हाहाकार मचा हुआ है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और समुद्री रास्तों के बाधित होने से तेल सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। सुदामा/ईएमएस 06 अप्रैल 2026