नई दिल्ली,(ईएमएस)। ईरान और अमेरिका की जंग का असर न केवल पूरी दुनिया पर हुआ है बल्कि हर एक क्षेत्र पर कुछ न कुछ प्रभाव जरुर दिखने लगा है। यहां तक कि परिवार नियोजन का बेहतर विकल्प माना जाना वाला कंडोम भी इससे अछूता नहीं रहा। इसकी सप्लाई प्रभावित हुई और बढ़ी मांग के चलते दामों में बढ़ोत्तरी हो गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते भारत का करीब 8,000 करोड़ रुपये का कंडोम बाजार एक बड़े संकट की कगार पर है। सप्लाई चेन में आई रुकावट के कारण कंडोम की कमी और इसकी कीमतों में 50 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी हो सकती है। दिलचस्प बात यह है कि यह संकट मांग बढ़ने की वजह से नहीं, बल्कि कच्चे माल की किल्लत और ट्रांसपोर्टेशन में आई दिक्कतों के कारण पैदा हुआ है। भारत हर साल 400 करोड़ से ज्यादा कंडोम बनाता है, जिसमें एचएलएल लाइफकेयर और मैनकाइंड फार्मा जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं। इनके निर्माण में सिलिकॉन ऑयल और अमोनिया की अहम भूमिका होती है। चूँकि सिलिकॉन ऑयल और पैकेजिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला पीवीसी पेट्रोकेमिकल उत्पाद हैं, इसलिए तेल की आपूर्ति प्रभावित होने से इनका उत्पादन घट गया है। साथ ही, ऊर्जा की कीमतें बढ़ने से अमोनिया के दाम 40-50 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं। समुद्री रास्तों में जारी तनाव ने जहाजों की आवाजाही धीमी कर दी है, जिससे कच्चा माल समय पर फैक्ट्रियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। सरकार की एक हालिया समीक्षा में यह भी सामने आया है कि पेट्रोकेमिकल यूनिट्स को ईंधन और ऊर्जा जरूरतों को प्राथमिकता देने के कारण संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ सकता है। जानकारों का मानना है कि यह केवल एक आर्थिक समस्या नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य के लिहाज से भी एक बड़ा खतरा है। कंडोम परिवार नियोजन और यौन रोगों से बचाव का सबसे सुलभ साधन है। यदि इसकी कीमतों में बेतहाशा वृद्धि होती है या बाजार में इसकी कमी होती है, तो इसके गंभीर सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी परिणाम हो सकते हैं। बता दें कि आज मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण दुनिया कुछ ऐसे ही असर का सामना कर रही है। यह तनाव सिर्फ मिसाइलों और सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर अब भारतीय आम जनमानस की जेब और उनकी निजी जरूरतों पर भी पड़ने वाला है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस वैश्विक संकट की मार अब कंडोम की कीमतों और उसकी उपलब्धता पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वीरेंद्र/ईएमएस/05अप्रैल2026