दतिया ( ईएमएस ) | कलेक्टर स्वप्निल वानखडे की अध्यक्षता में आज सोमवार को न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों एवं योजनाओं की गहन समीक्षा कर अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में स्वामित्व योजना, जनगणना कार्य की प्रगति, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका नियुक्ति, पट्टा सर्वे रिपोर्ट, पीएम स्वनिधि योजना, लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत लंबित प्रकरण, सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरण, अवमानना प्रकरण, अंतरविभागीय मुद्दे, गौशाला पंजीयन एवं वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वानखडे ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों में समय पर जवाब प्रस्तुत नहीं किए गए हैं, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों पर जुर्माना लगाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन के कार्य को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। इसी प्रकार लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों पर भी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री वानखड़े ने जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी इस कार्य को अत्यंत गंभीरता से लें और प्रत्येक चरण में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन बेहतर तरीके से करें। साथ ही उन्होंने जनगणना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में ध्यानपूर्वक भाग लेने के निर्देश भी दिए। उत्कृष्ट कार्य के लिए किया गया सम्मान कलेक्टर श्री वानखडे द्वारा बैठक के पश्चात विकासखंड सेवढ़ा के विकासखंड स्त्रोत समन्वयक श्री आशीष कुमार कंचन को शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। श्री कंचन द्वारा विगत दो वर्षों में नवोदय चयन परीक्षा, ओलंपियाड एवं एनएमएमएस छात्रवृत्ति परीक्षा में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की गई हैं। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री के भांडेर कार्यक्रम में उत्कृष्ट दायित्व निर्वहन के लिए दो सरपंचों जिमसें भर्रोली सरपंच लखन लाल शर्मा एवं खिरियाफेजुल्ला सरपंच श्रीमी गिरिजा देवी यादव को भी सम्मानित किया गया। बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दतिया अक्षय कुमार तेम्रवाल, अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती श्रृति अग्रवाल, लोकेन्द्र सिंह सरल सहित जिला अधिकारीगण उपस्थित रहे।