मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई की पवई पुलिस ने मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे में सक्रिय गैस सिलेंडर चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 45 चोरी किए गए सिलेंडर बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो कई चोरी की वारदातों में शामिल था। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का खुलासा तब हुआ जब पवई पुलिस स्टेशन में एक मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पता चला कि चोरी की गई बाइक का इस्तेमाल अलग-अलग जगहों पर गैस सिलेंडर चोरी करने में किया जा रहा था। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ठाणे निवासी 18 वर्षीय राज चंद्रकांत कांबले को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कम से कम 15 चोरी के मामलों में शामिल रहा है, जो विभिन्न पुलिस स्टेशनों में दर्ज हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ईरान युद्ध शुरू होने के बाद यह गिरोह सक्रिय हो गया था और गैस सिलेंडर चोरी की घटनाओं में तेजी आई है। चोरी किए गए सिलेंडरों को उन लोगों को ऊंचे दामों पर बेचा जाता था, जिन्हें तुरंत सिलेंडर की जरूरत होती थी। पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण आपूर्ति प्रभावित होने से मुंबई में एलपीजी सिलेंडर की कमी देखी जा रही है, जिससे चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। हाल ही में चारकोप इलाके में खड़ी डिलीवरी टेंपो से 27 सिलेंडर चोरी होने की घटना भी सामने आई थी, जबकि पवई पुलिस ने 45 सिलेंडर बरामद किए हैं। स्थिति को देखते हुए कई इलाकों में लोग अपने गैस सिलेंडरों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें चेन से बांधने लगे हैं। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है। संजय/संतोष झा-०६ अप्रैल/२०२६/ईएमएस