श्योपुर ( ईएमएस ) | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिये कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाया जायें, ग्रामीण क्षेत्र में आंगनबाडी कार्यकर्ताओं एवं सुपरवाईजर के माध्यम से लोगों को सामाजिक रूप से जागरूक किया जायें। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, जन अभियान परिषद, एनआरएलएम आदि विभागों से समन्वय कर गांव-गांव में बैठक आयोजित की जायें, स्वसहायता समूहों की साप्ताहिक बैठकों तथा ग्राम संगठन और संकुल स्तर की मासिक बैठकों में भी बाल विवाह जैसी कुरीति के दुष्परिणामों पर संवाद आयोजित किये जायें। वे आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक के दौरान अधिकारियों को दिशा-निर्देश प्रदान कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया 19 अप्रैल सहित विभिन्न तिथियों में होने वाले सामुहिक विवाह सम्मेलनों के आयोजकों से भी चर्चा की जायें तथा इन सम्मेलनों में कोई भी वर-वधु क्रमशः 21 एवं 18 वर्ष से कम आयु के शामिल न हो, इसके साथ ही उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध समितियों को सक्रिय करने के निर्देश दिये। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद, एसडीएम गगन सिंह मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। एसडीएम विजयपुर अभिषेक मिश्रा वर्चुअली माध्यम से बैठक में शामिल हुए। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने बैठक के दौरान सभी चार्ज जनगणना अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि वे अपने-अपने मुख्यालयों पर प्रगणकों एवं सुपरवाईजर का प्रशिक्षण आयोजित करें। प्रत्येक चार्ज मुख्यालय को फील्ड ट्रेनर्स उपलब्ध करा दिये गये है, प्रत्येक बैच में 50-50 प्रगणकों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किये जायें। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने एसडीएम विजयपुर को निर्देश दिये कि नगरीय क्षेत्र विजयपुर में साफ-सफाई के लिए स्वच्छता अभियान चलाया जायें। उन्होंने कहा कि नगर परिषद अंतर्गत सभी सफाई कर्मियों को शामिल करते हुए क्षेत्रवार सफाई के लिए कार्यक्रम निर्धारित किया जायें और नियमित सफाई के अलावा इन टीमों के माध्यम से विशेष सफाई अभियान आयोजित किये जायें। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने बैठक के दौरान एचपीवी वैक्सीनेंशन कार्य की समीक्षा करते हुए सीएमएचओ डॉ दिलीप सिकरवार को निर्देश दिये कि माह के अंत तक शत प्रतिशत वैक्सीनेंशन सुनिश्चित किया जायें, वर्तमान में 3900 किशोरी बालिकाओं का वैक्सीनेशन हो चुका है और 1300 डोज जिले में उपलब्ध है। इसके अलावा उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत अनुभाग स्तर पर कार्य करने, अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिये। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा टीएल बैठक के दौरान सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई के प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय सीमा में सुनिश्चित किया जायें। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश दियें। उन्होंने कहा कि अधिकारी भ्रमण के दौरान बुनियादी सुविधाओं का आंकलन करें, विशेषकर पेयजल से संबंधित समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जायें।