- फोम के गद्दों के कारोबारी के साथ ऑनलाईन ठगी जबलपुर, (ईएमएस)। कोतवाली थाना अतंर्गत तुलसी नगर निवासी एक कारोबारी के साथ रहस्यमय ऑनलाईन ठगी हो गई| उसका फोन अचानक लॉक हो गया, स्क्रीन ब्लैक हो गई कुछ देर बाद मोबाइल अपने आप अनलॉक हुआ उसके बाद खाते से पैसे निकलने लगे| जालसाज ने मोबाईल हैक करके 2 लाख 8 हजार रुपए निकाल लिए| पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है| कोतवाली पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार करमचंद चौक में फोम के गद्दों का कारोबारी तुलसी नगर निवासी पंकज जैन अपने कारोबार में रुपयों का लेनदेन ऑन लाइन करते हैं। 27 मार्च को पंकज जैन का मोबाइल फोन अचानक लॉक हो गया, स्क्रीन भी ब्लैक हो गई और फोन अपडेट मांग रहा था कोई भी बटन काम नहीं कर रही थी। उन्होने काम के चक्कर में मोबाइल फोन को ऐसे ही छोड़ दिया। इस बीच उनके खाते से 2 लाख 8 हजार रुपए निकाल लिए गए। 30 मार्च को अचानक मोबाइल फोन चालू हो गया और मैसेज आना शुरु हो गए, उन्होने मैसेज देखे तो स्तब्ध रह गए, उनके खाते से रुपए गायब हो चुके थे। ऑन लाइन ठगी से पंकज जैन हैरत में पड़ गए, उन्होने पहले तो बैंक जाकर शिकायत की, इसके बाद बीती रात कोतवाली थाना पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी, जिसपर पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरु कर दी है। सुनील साहू / मोनिका / 06 अप्रैल 2026/ 06.02