- प्लेट और खाने के लिए टूट पड़े लोग - शिवपुरी में सिंधिया ने आयोजित किया था मेगा स्वास्थ्य शिविर इसमें सहयोग करने वाले डॉक्टर एवं अन्य समाजसेवियों का किया गया था सम्मान - कुछ देर के लिए वहां अव्यवस्था और अफरा-तफरी का माहौल बन गया शिवपुरी (ईएमएस)। शिवपुरी में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के एक कार्यक्रम में यहां खाने के लिए मारामारी मच गई। केंद्रीय मंत्री सिंधिया द्वारा बीते दिनों एक मेगा स्वास्थ्य लगाया गया था इस शिविर में कई डॉक्टरों और समाजसेवियों एवं अन्य लोगों ने अपनी सेवाएं दी थी। उनके सम्मान के लिए यह आभार कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया ने पहुंचकर डॉक्टर , समाजसेवियों का सम्मान किया। इस दौरान एक भोज कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इस भोज कार्यक्रम में खाने के लिए लोग टूट पड़े और अव्यवस्था फैल गई। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें लोग खाने की प्लेट के लिए टूट रहे हैं। प्लेटों और खाने पर टूट पड़े लोग- आभार समारोह के समापन के बाद आयोजकों द्वारा भोजन की व्यवस्था की गई थी। लेकिन जैसे ही केंद्रीय मंत्री कार्यक्रम से रवाना हुए, वहां मौजूद भीड़ अचानक भोजन स्थल पर टूट पड़ी। कार्यक्रम में स्थिति ऐसी बन गई कि लोग प्लेट और खाने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करते नजर आए। कुछ देर के लिए वहां अव्यवस्था और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टर, समाजसेवियों, वॉलिंटियर्स का किया सम्मान- शिवपुरी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 16 से 24 मार्च तक चले ऐतिहासिक मेगा स्वास्थ्य शिविर के सहयोगियों के सम्मान समारोह में शिरकत की। उन्होंने 350 डॉक्टरों, प्रशासनिक अधिकारियों, वालंटियर्स और सफाईकर्मियों का सम्मान करते हुए इस आयोजन को करिश्मा बताया और शिविर में हुई 3600 सर्जरियों की जानकारी दी। सिंधिया ने हर साल ऐसे आयोजन की घोषणा की, लेकिन उनके जाते ही भोजन व्यवस्था में भारी अव्यवस्था फैल गई और लोग खाने पर टूट पड़े। ईएमएस / 06/04/2026