मुजफ्फरपुर, (ईएमएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर के राहुल नगर इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर कुख्यात अपराधी भैरव त्रिपाठी उर्फ ‘मास्टर’ को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देसी पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, भैरव त्रिपाठी मुजफ्फरपुर का ही निवासी है और वर्ष 2012 से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसकी चालाकी के कारण ही उसे अपराधी जगत में ‘मास्टर’ के नाम से जाना जाता है। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टाउन थाना क्षेत्र के राहुल नगर, रोड नंबर 3 में अवैध हथियारों का सौदा होने वाला है। सूचना के आधार पर ब्रह्मपुरा थाना प्रभारी विपिन रंजन के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया और मौके पर छापेमारी की गई। इस दौरान भैरव त्रिपाठी को एक देसी पिस्टल और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में ब्रह्मपुरा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट उल्लंघन सहित आधा दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में एक आर्म्स एक्ट मामले में जेल से रिहा हुआ था। - संतोष झा-०६ अप्रैल/२०२६/ईएमएस