क्षेत्रीय
06-Apr-2026
...


मण्डला (ईएमएस)। नारायणगंज विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत डोभी में नशा मुक्ति अभियान के तहत एक बैठक आयोजित की गई। जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में डोभी, डोभा, साजपानी, तरवानी और साल्हेपानी सहित पांच गांवों के ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे की दलदल से बाहर निकालकर एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का निर्माण करना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित नायब तहसीलदार उइके मैडम ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से ही नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक रूप से भी बर्बाद कर देता है। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बबलिया के मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेंद्र सिंह ने नशे के घातक परिणामों पर प्रकाश डालते हुए इसे परिवार के विघटन का मुख्य कारण बताया। जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने विशेष रूप से ग्रामीणों से अनुरोध करते हुए कहा हमारा लक्ष्य अपने क्षेत्र को पूर्णत: नशा मुक्त बनाना है ताकि हर परिवार सुख-शांति से रह सके। उनकी इस पहल को सभी अतिथियों और सामाजिक संगठनों ने एक सराहनीय कदम बताया। बैठक के दौरान सभी गांवों के युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने एकजुट होकर समाज में व्याप्त कुप्रथाओं जैसे तंबाकू, गुटका, बीड़ी और शराब को बंद करने का निर्णय लिया। बैठक के अंत में सर्वसम्मति से नशाबंदी का प्रस्ताव पारित किया गया और ग्रामीणों ने गांव को नशा मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर बजरंग व्यायाम शाला के सेवक प्रेमानंद महाराज, विभिन्न सामाजिक संगठनों के वरिष्ठ जन और बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं युवा उपस्थित रहे। ईएमएस / 06/04/2026