:: कलेक्टर की सख्त चेतावनी- 5 दिन बाद ऊँची इमारतों पर शुरू होगी बड़ी कार्रवाई :: इंदौर (ईएमएस)। अग्नि दुर्घटनाओं से प्रभावी बचाव और त्वरित राहत कार्यों के उद्देश्य से इंदौर जिले में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में आज कलेक्टर कार्यालय में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस ड्रिल के माध्यम से आग लगने की स्थिति में किए जाने वाले राहत एवं बचाव कार्यों का सघन पूर्वाभ्यास किया गया ताकि आपात स्थिति में जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके। मॉक ड्रिल के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को आग लगने के संभावित कारणों तथा ऐसी स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर यह भी बताया गया कि आपात स्थिति में स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए किस प्रकार समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए। :: प्रशिक्षण और व्यावहारिक अभ्यास :: प्रशिक्षण सत्र के दौरान कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों को आग बुझाने के प्राथमिक उपकरणों के उपयोग और सुरक्षित निकासी की इवैक्यूएशन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया गया। सहायक अग्निशमन अधिकारी राघवेंद्र सिंह रघुवंशी ने मौके पर मौजूद स्टाफ को फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया और आपातकालीन प्रतिक्रिया के दौरान अपनाए जाने वाले प्रोटोकॉल का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। इस अभ्यास के माध्यम से कर्मचारियों ने सीखा कि धुएं और अफरा-तफरी के बीच धैर्य बनाए रखते हुए किस तरह सही निकास मार्ग का चयन करना है। :: ऊँची इमारतों पर सख्त कार्रवाई के संकेत :: कलेक्टर शिवम वर्मा ने ड्रिल के उपरांत कार्यालय का निरीक्षण किया और अग्नि सुरक्षा प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि जिले में चल रहे अग्नि सुरक्षा अभियान के तहत G+3 एवं उससे ऊंची सभी इमारतों में आवश्यक फायर इक्विपमेंट्स की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। प्रशासन द्वारा संबंधित भवनों को दिए गए 15 दिनों के नोटिस की समय-सीमा अब समाप्त होने वाली है और आगामी 4-5 दिनों में उन इमारतों के खिलाफ सख्ती के साथ सीलिंग की कार्रवाई शुरू की जाएगी जिन्होंने अब तक नियमों का पालन नहीं किया है। :: जनजागरूकता के लिए व्यापक कार्ययोजना :: प्रशासन अब इस अभियान को स्कूलों, हॉस्टलों और शहर के अधिक भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों तक ले जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि नियमित रूप से आयोजित की जा रही इन मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगों को आपात स्थिति में निर्धारित स्थान पर एकत्रित होने और घबराहट से बचने के तरीके सिखाए जा रहे हैं। फायर टीम द्वारा विभिन्न संस्थानों में जाकर लाइव डेमो दिए जा रहे हैं ताकि शहर का हर नागरिक आपातकालीन स्थिति से निपटने में सक्षम बन सके। इस दौरान अपर कलेक्टर रोशन राय, रिंकेश वैश्य और अपर आयुक्त नगर निगम आशीष पाठक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रकाश/06 अप्रैल 2026