राष्ट्रीय
07-Apr-2026


बरेली(ईएमएस)। हरियाणा के गुरुग्राम से दो बच्चों का अपहरण कर उत्तर प्रदेश भागे बदमाशों के साथ कुदरत ने अजीब न्याय किया। अपहृत बच्चों को वापस छोड़ने जाते समय अपहरणकर्ताओं की तेज रफ्तार बोलेरो बरेली में एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में तीन किडनैपर्स सहित कुल पांच लोगों की जान चली गई, जबकि दोनों बच्चे और उनके पिता घायल हो गए। यह फिल्मी कहानी लगने वाली घटना रविवार दोपहर बरेली के सीबीगंज इलाके में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुई। पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार बोलेरो ने पहले एक बाइक को जोरदार टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़े टैंकर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही बोलेरो सवार अपहरणकर्ता मनमोहन, सिकंदर और उनके एक साथी की मौत हो गई। साथ ही बाइक सवार दो स्थानीय युवकों ने भी दम तोड़ दिया। हादसे की जांच के दौरान जब पुलिस ने घायल ड्राइवर प्रिंस से पूछताछ की, तो अपहरण की इस खौफनाक साजिश का खुलासा हुआ। पता चला कि मुख्य आरोपी मनमोहन, गुरुग्राम में ऑटो चलाने वाले मनोज की नाबालिग बेटी से जबरन शादी करना चाहता था। मनोज के इनकार करने पर आरोपियों ने उसे और उसके दो छोटे बच्चों को अगवा कर लिया था। गुरुग्राम के डीएलएफ थाने में इस मामले की रिपोर्ट पहले से दर्ज थी। अपहरण करने के बाद आरोपी मनोज और बच्चों को बरेली के फरीदपुर में छिपाकर रखे हुए थे। हालांकि, बच्चों को संभालने में हो रही परेशानी के कारण आरोपी उन्हें वापस घर के पास छोड़ने जा रहे थे। रास्ते में ही यह हादसा हो गया। पुलिस ने बच्चों के पिता मनोज को सुरक्षित बरामद कर लिया है, जो आरोपियों के कब्जे में थे। फिलहाल घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और हरियाणा पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है कि कैसे अपराध का अंजाम आरोपियों के लिए मौत का पैगाम लेकर आया। वीरेंद्र/ईएमएस/07अप्रैल2026