पुलिस की मध्यस्थता के बाद आया नीचे : सिहोरा गंजताल की घटना जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर जिले के सिहोरा क्षेत्र में मंगलवार 7 अप्रैल की सुबह उस समय हड़कम्प मच गया, जब एक युवक प्रेमिका से शादी की जिद में हाईटेंशन लाइन के 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। वह तब तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा और प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। बाद में पुलिस की समझाईश और मध्यस्थता के बाद बमुश्किल वह टावर से नीचे उतरा और फिर पुलिस ने फिलहाल उसे अपना मेहमान बना लिया। इस दौरान बडी संख्या में ग्रामीण जन मौके पर तमाशबीन बनकर प्रसंग का आनंद लेते रहे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मैहर निवासी रतन कोरी का सिहोरा के ग्राम ग़ंज़ताल गांव की ही मुंह बोली बहन की ननंद से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार वाले तैयार नहीं थे। बताया जाता है कि मंगलवार सुबह रतन गंजताल पहुंचा और बहन की ननद के घर फिर से शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन मना होने पर नाराज होकर टावर पर चढ़ गया। ऊपर से वह बार-बार यही कहता रहा कि जब तक वह आकर शादी के लिए हां नहीं करेगी, मैं नीचे नहीं उतरूंगा। टावर पर युवक और उसकी जिद देखकर ग्रामीणों ने तुरंत गांव में सूचना दी । इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और फर सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युचक को समझाने की कोशिश शुरू हुई। मौके पर थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को अपने मातहत कर्मचारी आरक्षक संदीप पांडे, देवराज पटेल तथा सोमदीप पटेल सहित मौजूद थे। आखिरकार उसकी मांग थाना प्रभारी ने मान ली । लड़की को बुलाया गया और मौके पर उससे बात कराई गई। जब उससे शादी का वादा किया, तब जाकर रतन टावर से नीचे उतरा। लेकिन जैसे ही युवक ने जमीन पर कदम रखा, पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अजय पाठक / मोनिका / 07 अप्रैल 2026/ 02.32