बरेली (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के बरेली के बड़ा बाईपास पर रविवार को हुए हादसे में मरने वाले तीनों मृतक और चौथा घायल युवक अपहरणकर्ता निकले। चारों गुरुग्राम के डीएलएफ फेस-1 थाना क्षेत्र से ऑटो चालक और उसके दो मासूम बेटों का अपहरण करके लाए थे। आपस में हुई अनबन के बाद वे बच्चों को वापस गुरुग्राम छोड़ने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे में अपहृत दोनों बच्चे भी हादसे में घायल हुए, जो अस्पताल में भर्ती हैं। उनके ऑटो चालक मनोज पिता को पुलिस ने एक अपहरणकर्ता के घर से बरामद कर लिया। अपहरण में शामिल एक घायल समेत दो अन्य व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बरेली के एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि रविवार शाम बड़ा बाईपास पर एक बोलेरो सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकरा गई थी। हादसे में बोलेरो सवार फरीदपुर के टांडा सिकंदरपुर गांव निवासी मनमोहन सिंह, पीलीभीत में अमरिया तहसील के कल्याणपुर चक्रतीर्थ निवासी सिकंदर और रामपुर में विलासपुर थाना क्षेत्र के गांव रमनपुर कुर्तिया निवासी विशेष यादव की मौत हो गई थी। वहीं रमनपुर कुर्तिया निवासी बोलेरो चालक प्रिंस यादव और दो बच्चे घायल हो गए थे। प्रिंस के होश में आने के बाद सामने आया कि वे चारों 4 अप्रैल की शाम करीब साढ़े 7 बजे गुरुग्राम के डीएलएफ थाना क्षेत्र से ऑटो चालक मनोज और उसके दो बेटों छह वर्षीय मयूर और तीन साल के लक्ष्य का अपहरण करके लाए थे। तीनों का अपहरण करके जब वे लोग फरीदपुर में मनमोहन के घर पहुंचे तो उसके पिता नत्थूलाल ने बच्चों के अपहरण को लेकर विवाद शुरू कर दिया। तीनों को ठिकाने लगाने की बात कहने लगा, मगर वे लोग तैयार नहीं हुए और दोनों बच्चों को वापस गुरुग्राम छोड़ने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/07/ अप्रैल /2026