क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


गुरुग्राम (ईएमएस)। गुरुग्राम के सोहना में हरचंदपुर बस अड्डे के पास एक फार्म हाउस में 20 साल पुराने 65 वर्षीय नौकर द्वारा अपने 36 वर्षीय मालिक की दरांत से वार कर हत्या करने का मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच सोहना की टीम ने महज 24 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी नौकर को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी बुजुर्ग नौकर ने पुरानी रंजिश और मारपीट का बदला लेने के लिए मालिक की गर्दन पर दरांत से वारकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को निमोठ चौकी (थाना सदर सोहना) को सूचना मिली थी कि सोहना-बल्लभगढ़ रोड पर स्थित एक फार्म हाउस में एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो मृतक की पहचान राहुल (36 वर्षीय) गुरुग्राम के गांव घाटा निवासी के रूप में हुई। क्राइम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीमों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मृतक राहुल के भाई की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, फार्म हाउस की देखरेख के लिए खेमचंद नाम के व्यक्ति को काम पर रखा गया था। 5 अप्रैल की रात राहुल फार्म हाउस पर ही रुका था, लेकिन अगली सुबह उसका शव मिला और नौकर खेमचंद मौके से फरार था। उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था, जिसके बाद शक की सुई सीधे नौकर पर जा टिकी। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/07/ अप्रैल /2026