क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


गुरुग्राम (ईएमएस)। गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। एक महिला ने अपनी ढाई साल की बेटी की हत्या करने के बाद कैंची से खुद का गला रेत दिया। महिला की हालत गंभीर है। गुरुग्राम से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सेक्टर-9 स्थित सूर्या विहार इलाके में एक 30 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर अपनी ढाई साल की बेटी की हत्या कर दी और इसके बाद खुद का गला रेत खुदकुशी की कोशिश की। महिला की हालत गंभीर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि महिला ने ऐसा क्यों किया। महिला की हालत स्थिर होने के बाद पूछताछ से ही मामले का खुलासा हो पाएगा। पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम जब महिला का 31 वर्षीय पति काम से घर लौटा तो उसने पत्नी को खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा पाया, जबकि बेटी बेसुध पड़ी थी। आनन-फानन में दोनों को सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला ने कैंची से अपना गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हालत नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए फिलहाल अयोग्य बताया है और उसे एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिला ने बच्ची को पहले जहर दिया हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/07/ अप्रैल /2026