राष्ट्रीय
07-Apr-2026
...


कांग्रेस अवैध घुसपैठियों के दम पर सत्ता पाना चाहती गुवाहाटी,(ईएमएस)। बीजेपी के चाणक्य और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के श्रीभूमि जिले के पथारकंडी में चुनावी रैली को संबोधित कर कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही असम राज्य को अवैध घुसपैठ से बचा सकती है और इसकी सांस्कृतिक पहचान को बच सकती है। शाह ने कहा, भाजपा की सरकार बनने दें, हमारी सरकार ने घुसपैठियों को चिह्नित करके रखा है। अब बारी है एक-एक करके इन्हें चुन-चुन कर बाहर करने की। केवल भाजपा ही है जो करीमगंज का नाम बदलकर श्रीभूमि कर सकती है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस है, जो अवैध घुसपैठियों के सहारे सत्ता हासिल करना चाहती है। मैं आज यहां से कहकर जाता हूं, राहुल गांधी कान खोलकर सुन लीजिए, हम असम को घुसपैठिया बहुल नहीं बनने देने वाले है। जिनकी जड़ें इटली में हो, उन्हें श्रीभूमि का मतलब क्या मालूम होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असमिया और बांग्ला भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने का काम किया है। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा, हम सीएए की बात करते हैं, तब कांग्रेस इसका विरोध करती है। कांग्रेस पार्टी ने षड्यंत्र के साथ क्षेत्र को घुसपैठिया बहुल क्षेत्र बनाने का प्रयास किया। वोट बैंक की गंदी राजनीति कर उन्होंने 1950 के इमिग्रेंट एक्ट को समाप्त कर दिया। इसके बदले में गोपीनाथ यह एक्ट लेकर आए थे। कांग्रेस ने 1983 में आईएमडीटी एक्ट पास कर घुसपैठियों को यहां शरण देने का काम किया। असम, बंगाल और त्रिपुरा तीनों जगह भाजपा-एनडीए सरकार बनने के साथ ही पूरी घुसपैठ बंद होगी। चुन-चुन कर हम घुसपैठियों को देश के बाहर करने वाले है। ये घुसपैठिये हमारे युवाओं के रोजगार, गरीबों के राशन और चाय बागान के मजदूरों की मजदूरी छीनने का प्रयास कर रहे हैं। इन्हें देश के बाहर निकालने का काम भाजपा सरकार करेगी। केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा, जब से राहुल गांधी कांग्रेस के नेता बने हैं, सभी कांग्रेस नेताओं का सार्वजनिक स्तर नीचे हो गया है। अभी दो दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि गुजरात और जो प्रांत भाजपा का समर्थन करते हैं वे अनपढ़ हैं। इस बात पर कांग्रेसियों को शर्म आनी चाहिए। जिस गुजरात ने दयानंद सरस्वती, महात्मा गांधी, सरदार पटेल, विक्रम साराभाई और पीएम मोदी जैसे नेता दिए, उस गुजरात को आप अनपढ़ कह रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि आरएसएस और भाजपा सांप हैं, इन्हें मार देना चाहिए। मैं खड़गे को कहना चाहता हूं कि मंच पर चढ़कर देखिए, हजारों की संख्या में भाजपा और आरएसएस के लोग खड़े हैं। यह लोकतंत्र की भाषा नहीं है। आशीष दुबे / 07 अप्रैल 2026