राष्ट्रीय
07-Apr-2026
...


-अहमदाबाद विमान हादसे की रिपोर्ट के बाद होगी नई नियुक्ति -विल्सन का कार्यकाल था सितंबर 2027 तक का नई दिल्ली,(ईएमएस)। एयर इंडिया के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) कैंपबेल विल्सन ने इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, उनके इस्तीफे को एयर इंडिया बोर्ड ने स्वीकार कर लिया है और वह सितंबर 2026 तक अपने पद से अलग हो सकते हैं। गौरतलब है कि इससे पहले 10 मार्च को इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स भी अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विल्सन को 2022 में एयर इंडिया का सीईओ और प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया गया था, और उनका कॉन्ट्रैक्ट जुलाई 2027 तक था। उनकी विदाई के बाद एयरलाइन अहमदाबाद विमान हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट के आधार पर नए सीईओ की नियुक्ति करेगी। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट 12 जुलाई 2025 को जारी की थी, जबकि अंतिम रिपोर्ट जून 2026 में आने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया नए सीईओ के लिए जनवरी से संभावित उम्मीदवारों के साथ बातचीत कर रही है। अगले हफ्ते इस संबंध में एक अहम बैठक होने की संभावना है। विल्सन विमानन क्षेत्र में 30 साल से अधिक अनुभव रखते हैं और उन्होंने फुल-सर्विस और लो-कॉस्ट एयरलाइनों दोनों में काम किया है। इंडिगो सीईओ का इस्तीफा इसी बीच, इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने 10 मार्च को इस्तीफा दिया था, और उनकी जगह 30 मार्च को विलियम वाल्श ने नए सीईओ के रूप में पद संभाला। इंडिगो को पिछले साल दिसंबर में ऑपरेशनल संकट का सामना करना पड़ा था, जिससे एयरलाइन को लगभग 2,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। हिदायत/ईएमएस 07अप्रैल26