-अभियुक्त ने विधानसभा में घुसकर स्पीकर की गाड़ी पर गुलदस्ता रखा नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली विधानसभा कैंपस में सुरक्षा उल्लंघन के आरोपी सरबजीत सिंह (37) के बारे में जांच में कई नई जानकारियाँ सामने आई हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह 1 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से घर से निकला था और लगभग 5 दिन तक लापता रहा। उसकी मानसिक स्थिति पर भी सवाल उठे हैं, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसने इन पांच दिनों के दौरान परिवार से एक बार बात की, लेकिन अपनी लोकेशन नहीं बताई। वह 2 अप्रैल को बरेली गया और 6 अप्रैल को दिल्ली पहुंचा। दोपहर करीब 2.10 बजे, सफेद एसयूवी लेकर विधानसभा के गेट नंबर-2 की बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुसा। आरोपी ने विधानसभा पोर्च में खड़ी स्पीकर विजेन्द्र गुप्ता की गाड़ी पर गुलदस्ता और माला रखी और फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने तेज रफ्तार में कार चलाते हुए सुरक्षाकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। वह जिस कार से आया था, उसे इस साल फरवरी में खरीदा गया था। आरोपी ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए थे और 2020-21 के किसान आंदोलन का भी समर्थक रहा है, लेकिन बाद में कई पोस्ट हटा दिए। परिवार ने पुलिस को बताया कि सरबजीत मानसिक रूप से बीमार है और किसी के काबू में नहीं रहता। पुलिस उसकी मानसिक स्थिति की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है। आरोपी को घटना के दो घंटे बाद रूप नगर इलाके से दो अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस ने सिविल लाइंस थाने में कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी अभी यह पता लगाने में लगे हैं कि आरोपी ने यह कार्रवाई अकेले की थी या किसी के निर्देश पर। उसके कॉल रिकॉर्ड, मूवमेंट और डिजिटल गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। हिदायत/ईएमएस 07अप्रैल26