अनंत ने अतिरिक्त 12 करोड़ रुपये राजराजेश्वरम मंदिर के लिए देने की बात कही कन्नूर,(ईएमएस)। युवा कारोबारी अनंत अंबानी ने केरल के दो प्रमुख मंदिरों राजराजेश्वरम और गुरुवायूर मंदिर की यात्रा के दौरान धार्मिक संरक्षण और पशु कल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने दोनों मंदिरों को कुल 6 करोड़ का दान दिया, जिसमें प्रत्येक मंदिर को 3-3 करोड़ रुपये शामिल हैं। राजराजेश्वरम मंदिर, जो कन्नूर जिले के तलिपरंबा में स्थित एक प्राचीन और ऐतिहासिक स्थल है, के लिए अनंत ने अतिरिक्त 12 करोड़ रुपये देने की प्रतिबद्धता जाहिर की है। इस राशि का उपयोग मंदिर के व्यापक जीर्णोद्धार में होगा। योजना के तहत मंदिर के पुराने और जर्जर ईस्ट गोपुरम का पुनर्निर्माण किया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर बुनियादी ढांचे, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं में भी सुधार किया जाएगा। वहीं गुरुवायूर मंदिर में दर्शन के दौरान उन्होंने मंदिर ट्रस्ट को 3 करोड़ रुपये का दान दिया। इसके साथ ही उन्होंने मंदिर परंपराओं से जुड़े हाथियों के कल्याण के लिए विशेष पहल की घोषणा की। इस योजना में हाथियों के लिए समर्पित अस्पताल, बिना जंजीर वाले आश्रय और आधुनिक चिकित्सा व देखभाल सुविधाओं का विकास शामिल है। यह पहल उनके वन्यजीव संरक्षण प्रोजेक्ट ‘वनतारा’ से जुड़ी मानी जा रही है, जिसका उद्देश्य पशुओं की मानवीय और वैज्ञानिक तरीके से देखभाल सुनिश्चित करना है। अनंत अंबानी के मंदिर पहुंचने पर मंदिर प्रशासन ने पारंपरिक सम्मान के साथ उनका स्वागत किया। दोनों मंदिरों के देवस्वम बोर्ड के अधिकारी और पुजारी इस मौके पर उपस्थित रहे। अनंत अंबानी ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपराएं केवल पूजा स्थल नहीं, बल्कि समाज, प्रकृति और करुणा को जोड़ने वाली जीवंत संस्थाएं हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए विरासत को सुरक्षित रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। इन पहलों और वंतारा में हमारे कार्यों के माध्यम से हम विनम्रता से सेवा करना चाहते हैं। श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाते हुए उन पशुओं की भी देखभाल करते हैं जो हमारी परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें सम्मान, करुणा और वैज्ञानिक ध्यान के साथ रखते हैं। आशीष दुबे / 07 अप्रैल 2026