नई दिल्ली,(ईएमएस)। वियतनाम में भारतीय दूतावास ने एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें वीजा फ्री एंट्री वाले फु कोक आइलैंड और पासपोर्ट खोने के संबंध में यात्रियों को अलर्ट किया है। इसमें कहा गया है कि भारतीय वीजा फ्री एंट्री सिर्फ फु कोक आईलैंड में ही ले सकते हैं। वहीं, वियतनाम के शहरों में जाने के लिए खास वीजा लेना जरूरी होगा। हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने लिखा आईलैंड भारतीयों समेत कुछ विदेशियों को वीजा फ्री एंट्री देता है, जिसमें कुछ शर्तें होती हैं। यह छूट सिर्फ फु कोक आइलैंड में यात्रा करने और रहने तक सीमित है। इसके जरिए वियतनाम मेनलैंड में एंट्री की अनुमति नहीं है। हालांकि, कुछ अचानक बने हालात जैसे मेडिकल इमरजेंसी और फ्लाइट में देरी आदि परेशानियों के चलते भारतीयों को इलाज के लिए, आगे की यात्रा या किसी अन्य सहयोग के लिए कही ओर जाना पड़ता है। ऐसी स्थिति में जिन लोगों के पास वियतनाम मेनलैंड में एंट्री के लिए वीजा नहीं है, उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है...। इसमें कहा गया है कि भारतीय सिर्फ फु कोक की यात्रा मन बना रहे हैं, फिर भी वह वियतनाम का वीजा ले लें। दूतावास ने बताया है कि वियतनाम मेनलैंड का वीजा नहीं लेने के चलते यात्रियों को इमीग्रेशन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय दूतावास ने कहा है कि अगर वियतनाम यात्रा के दौरान पासपोर्ट खो जाए, तो तुरंत पुलिस में शिकायत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर किसी का पासपोर्ट खो गया है, तो भारतीय दूतावास की कोशिश होती है कि उसी दिन इमरजेंसी सर्टिफिकेट या जरूरी दस्तावेज जारी कर दिए जाएं। भारतीय दूतावास की तरफ से दस्तावेज जारी करने के बाद भी वियतनाम के अधिकारियों के पास प्रक्रिया पूरी होने में 3 से 5 दिन का समय लग जाता है। कभी समय ज्यादा भी लग सकता है और इस दौरान यात्रियों को वियतनाम में ही रहना पड़ सकता है। दूतावास ने भारतीय यात्रियों से कहा है कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद कॉपी को दूतावास के कार्यालय में जमा करना जरूरी है, ताकि प्रक्रिया शुरू की जा सके। सिराज/ईएमएस 07अप्रैल26