राष्ट्रीय
07-Apr-2026
...


* भारतीय नौसेना की सुरक्षा में दहेज पोर्ट पहुंचेगा जहाज, 46,650 मीट्रिक टन गैस से देश को मिलेगी बड़ी राहत अहमदाबाद (ईएमएस)| भारत की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में समुद्री आयात की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद भारत अपनी ईंधन आपूर्ति को बनाए रखने में सफल रहा है। इसी कड़ी में ‘ग्रीन सान्वी’ नामक विशाल जहाज का आगमन एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है। गुजरात के भरूच जिले स्थित दहेज पोर्ट पर जल्द ही यह जहाज लंगर डालेगा। इस जहाज में लगभग 46,650 मीट्रिक टन एलपीजी (रसोई गैस) लदी हुई है, जो देश में गैस की निरंतर सप्लाई बनाए रखने के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर सुरक्षा को लेकर खतरे बढ़ गए हैं, खासकर हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में। ऐसे में ‘ग्रीन सान्वी’ का सुरक्षित रूप से इस मार्ग को पार करना भारत की मजबूत रणनीति और सैन्य क्षमता को दर्शाता है। इस पूरे अभियान में भारतीय नौसेना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जहाज को समुद्री लुटेरों और संभावित हमलों से बचाने के लिए नौसेना लगातार निगरानी करती रही। उनकी सुरक्षा में यह जहाज सुरक्षित रूप से भारत की ओर रवाना हुआ। इसके साथ ही ‘ग्रीन आशा’ नामक एक अन्य जहाज भी इसी मार्ग से सुरक्षित गुजर चुका है। यह दोनों जहाज भारत की समुद्री सुरक्षा व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्गों पर मजबूत पकड़ का प्रमाण हैं। इन जहाजों के आगमन से देश में ईंधन की संभावित कमी को टाला जा सका है, जिससे उद्योगों और आम जनता दोनों को राहत मिलने की उम्मीद है। सतीश/07 अप्रैल