क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


- इंद्रा को सौपा पेंशन स्वीकृति आदेश दो हितग्राहियों को मिलेगा संबल योजना का लाभ तहसीलदार को मौके पर भेज दिलाया कब्जा जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित श्योपुर ( ईएमएस ) \कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा जनसुनवाई करते हुए कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शासन की विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को तत्काल लाभान्वित करने की कार्यवाही की गई। जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन एवं श्री विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई के दौरान कुल 109 आवेदन प्राप्त हुए। इंद्रा को सौपा पेंशन स्वीकृति आदेश कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा विधवा महिला श्रीमती इंद्रा बाई को मौके पर ही मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना स्वीकृत करते हुए पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया। ग्राम हासिलपुर निवासी महिला श्रीमती इंद्रा बाई सुमन ने विधवा पेंशन प्रदाय किये जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत था, जिस पर मौके पर ही कार्यवाही करते हुए पेंशन स्वीकृत की गई, जिससे महिला को प्रतिमाह 600 रूपये की राशि प्राप्त होगी। दो हितग्राहियों को मिलेगा संबल योजना का लाभ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा ग्राम नगदी निवासी श्री हरि सिंह आदिवासी तथा ग्राम खितरपाल निवासी श्री रामकिशन गौड को उनके आवेदन परीक्षण उपरांत अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना अंतर्गत दो-दो लाख रूपये की अनुग्रह सहायता राशि स्वीकृत होकर ईपीओ जारी हो चुके है तथा शीघ्र ही बैंक खाते के माध्यम से राशि प्राप्त होगी। श्री हरि सिंह आदिवासी द्वारा अपनी पत्नि स्व. श्रीमती मैना बाई आदिवासी की मृत्यु पर तथा श्री रामकिशन गौड द्वारा अपनी पत्नि श्रीमती माया गौड की मृत्यु पर दा-दो लाख रूपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान किये जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था। कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा जनसुनवाई के दौरान अस्पताल की ओपीडी में कंपनी अंतर्गत कार्यरत कम्प्युटर ऑपरेटर्स द्वारा शासन की ओर से निर्धारित परिश्रमिक से कम परिश्रमिक प्रदाय किये जाने संबंधी शिकायत पर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश श्रम विभाग के अधिकारियों को दिये गये। श्री प्रदीप प्रजापति, श्री महावीर गुर्जर, श्री कपिल राठौर, श्री अर्पित राठौर एवं श्री आकाश गौड आदि के द्वारा शिकायत की गई कि वे संजोट इंटरप्रायजेज के अधीन अस्पताल में ओपीडी में पर्चे बनाने का काम करते है, कंपनी द्वारा उन्हें शासन की ओर से निर्धारित मानदेय नही दिया जाता है, इस पर कंपनी पर ब्लैकलिस्ट की कार्यवाही करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये। तहसीलदार को मौके पर भेज दिलाया कब्जा कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा जनसुनवाई के दौरान कब्जा दिलाने की मांग लेकर आये आवेदक श्री लड्डू माली निवासी ग्राम बगवाज को तत्काल कब्जा दिलाने की कार्यवाही की गई। तहसीलदार श्रीमती मनीषा मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व टीम द्वारा जनसुनवाई से ही आवेदक को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर कब्जा दिलाया गया तथा भूमि का सीमांकन कर सीमाओं का ज्ञान कराया गया। आवेदक द्वारा ग्राम बगवाज के सर्वे क्रमांक 611/2/3 में स्थित 1.024 हेक्टयर भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है। इस संबंध में तहसीलदार द्वारा अवगत कराया गया कि मामले में तहसील न्यायालय से बेदखली आदेश पूर्व में ही जारी किया जा चुका है, इस पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा जनसुनवाई के दौरान ही तहसीलदार को मौके पर भेजा गया, जहां पहुंचकर राजस्व टीम द्वारा आवेदक को भूमि का कब्जा दिलाने की कार्यवाही की गई।