- विश्व के साथ जबलपुर में भी गूंजेगा सामूहिक मंत्र जाप जबलपुर, (ईएमएस)। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) जबलपुर चैप्टर के तत्वावधान में कल 9 अप्रैल गुरुवार को पूरे विश्व में विश्व नवकार मंत्र दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर दुनिया के 108 देशों के लगभग 6 हजार स्थानों पर एक साथ सामूहिक णमोकार (नवकार) मंत्र जाप का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य विश्व शांति, अहिंसा, प्रेम एवं आध्यात्मिक जागरूकता का व्यापक प्रसार करना है। जबलपुर यह भव्य आयोजन गोलबाजार स्थित डीएन जैन ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा हैं| यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होकर सामूहिक रूप से नवकार मंत्र का जाप करेंगे। जीतो जबलपुर चैप्टर के अध्यक्ष राहुल बड़कुल ने यहां पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि 9 अप्रैल को प्रातः 8:01 बजे से 9:36 बजे तक डीएन जैन ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इस वैश्विक कार्यक्रम में देश के गृहमंत्री अमित शाह नई दिल्ली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे तथा वर्चुअल माध्यम से देश-विदेश के सभी स्थानों से जुड़ेंगे, जिससे यह आयोजन और अधिक व्यापक एवं प्रभावशाली बनेगा। उन्होंने बताया कि संस्कारधानी में होने जा रहा यह आयोजन अभूतपूर्व होगा, जिसमें केवल जैन समाज ही नहीं बल्कि सर्व समाज के प्रमुख प्रतिनिधि भी सहभागिता करेंगे। साथ ही शहर के राजनीतिक एवं सामाजिक गणमान्य व्यक्ति भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे, जिससे सामाजिक समरसता और एकता का संदेश जाएगा। सचिव आशीष कोठारी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जीतो द्वारा आयोजित यह अभियान एक वैश्विक आध्यात्मिक पहल है, जिसमें लाखों लोग एक साथ जुड़कर नवकार मंत्र की शक्ति से सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेंगे। उन्होंने कहा कि नवकार मंत्र शांति, अहिंसा, प्रेम और आत्मजागरण का महा-मंत्र है, जो संपूर्ण विश्व को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहा है। जीतो महिला विंग की अध्यक्ष विनीता बड़कुल ने कहा कि जब बड़ी संख्या में एक साथ नवकार मंत्र का उच्चारण किया जाएगा, तो उससे उत्पन्न ध्वनि और ऊर्जा का पृथ्वी पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, जिसका अध्ययन नासा द्वारा किए जाने की बात सामने आई है। जीतो समन्वयक शैलेश आदिनाथ ने बताया कि कार्यक्रम की व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवा वर्ग एवं नागरिकों को इस अभियान से जोड़ने के लिए लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस दिव्य आयोजन में सहभागिता कर सकें एवं यूथ विंग के अध्यक्ष सीए मयंक सिंघई ने शहरवासियों से अपील की है कि ये 9 अप्रैल को निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इस विश्वव्यापी नवकार मंत्र महाअभियान का हिस्सा बनें और विश्व शांति के इस प्रयास को सफल बनाएं। इस अवसर पर जीतो जबलपुर चैप्टर के संजीव चौधरी, सोहेल जैन, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे| सभी ने शांति, अहिंसा और आध्यमिकता जागरण के इस कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की हैं| सुनील साहू / मोनिका / 07 अप्रैल 2026/ 05.58