क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


‎मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक अहम आंकड़ा सामने आया है। पिछले तीन वर्षों में हिट एंड रन मामलों में सड़क दुर्घटनाओं के कारण मृत 176 पीड़ितों के परिवारों को परिवहन विभाग द्वारा अनुदान राशि प्रदान की गई है। एक अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2026 तक विभाग की ओर से प्रत्येक मृतक के आश्रितों को दो लाख रुपये की सहायता दी जाती है। ताकि संकट की घड़ी में परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन तीन वर्षों में जिले में हिट एंड रन के कुल 234 मामलों में से 176 मामलों का निष्पादन करते हुए पीड़ित परिवारों को अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई. हालांकि अब भी 58 मामले लंबित हैं। जिनमें पीड़ित परिवारों को मुआवजा मिलने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। परिवहन पदाधिकारी राम बाबू का कहना है कि लंबित मामलों के निष्पादन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। परिवहन विभाग कई मामलों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी, जांच प्रक्रिया में देरी या कानूनी औपचारिकताओं के कारण भुगतान अटका हुआ है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग हिट एंड रन मामलों की जांच कर जिलापदाधिकारी को फ़ाइल प्रेषित करता है। उनके अनुशंसा पर जेनरल इंसयोरेन्स कंपनी पीड़ित के परिजन को राशि का भुगतान करता है। लंबित 58 मामले जीआईसी स्क्रूटनी कर भुगतान करेगा। उन्होंने संबंधित परिवारों से अपील की है कि वे आवश्यक कागजात समय पर जमा करें, ताकि प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जा सके। विभागीय सूत्रों के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण के लिए नियमित जांच अभियान जारी है। इधर, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि हिट एंड रन की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई हो, दोषियों की पहचान कर सख्त सजा दी जाए और पीड़ित परिवारों को समय पर सहायता सुनिश्चित की जाए। कुल मिलाकर, जहां एक ओर 176 परिवारों को राहत राशि मिल चुकी है, वहीं 58 लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। - कार्तिक कुमार/संतोष झा-०७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस