राष्ट्रीय
07-Apr-2026


लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा फैसला किया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस योजना का उद्देश्य राज्य के युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना और उनकी रोजगार क्षमता को बढ़ाना है। योगी सरकार का मानना है कि डिजिटल उपकरण मिलने से छात्र अपनी पढ़ाई बेहतर तरीके से पूरी कर पाएंगे और भविष्य में रोजगार या स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकते है। राज्य के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि, वित्त वर्ष 2025-26 के लिए योजना में 2000 करोड़ का प्रावधान है और अब तक करीब 60 लाख स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए जा चुके हैं और अब अतिरिक्त 25 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जाएंगे। यह टैबलेट विशेष रूप से जिन छात्रों को मिलने हैं, उसमें अंतिम वर्ष के छात्र (फाइनल ईयर), तकनीकी शिक्षा, मेडिकल, उच्च शिक्षा से जुड़े छात्र, स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग लेने वाले युवा, आईआईटीआई (आईटीआई) से जुड़े विद्यार्थी और सेवा मित्र पोर्टल और सेवा फाइनेंस पोर्टल पर पंजीकृत युवा शामिल हैं। सरकार के अनुसार इस योजना से छात्रों की डिजिटल स्किल्स मजबूत होंगी, पढ़ाई और ऑनलाइन संसाधनों तक आसान पहुंच मिलेगी साथ ही इससे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं की एम्प्लॉयबिलिटी में सुधार होगा। वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस योजना का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी, इससे केंद्र सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा। आशीष दुबे / 07 अप्रैल 2026